गोरखपुर में निजी कंपनी में घुसकर हंगामा, कर्मचारियों से मारपीट का दावा

गोरखपुर के चिलुआताल क्षेत्र में निजी कंपनी में घुसकर मारपीट, अभद्रता, तोड़फोड़ और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगा है। पीड़ित पक्ष ने पुलिस को तहरीर देकर निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क : चिलुआताल थाना क्षेत्र में स्थित एक निजी कंपनी में कथित रूप से घुसकर मारपीट, अभद्रता और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। कंपनी के निदेशक और उनकी मां ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपितों के खिलाफ निष्पक्ष जांच और सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

करोड़ों रुपये के कथित घोटाले पर पूछताछ के बाद बढ़ा विवाद

तहरीर के अनुसार, भगवनपुर निवासी आशुतोष मिश्र और उनकी मां कल्पना मिश्र ने बताया कि मंगलवार को कंपनी में सर्वे के दौरान पूर्व में हुए करोड़ों रुपये के कथित घोटाले के संबंध में पूछताछ की जा रही थी। इसी दौरान आरोप है कि संजीव मिश्र, उनकी पत्नी रूबी मिश्र, पुत्र प्रियांशु मिश्र, आदर्श मिश्र और उनके साथ आए अन्य लोग कंपनी परिसर में पहुंचे और गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है।

कर्मचारियों से मारपीट और दस्तावेजों को नुकसान पहुंचाने का आरोप

शिकायत में कहा गया है कि बीच-बचाव करने पहुंचे कर्मचारियों के साथ भी मारपीट की गई। साथ ही महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार करने और कंपनी के महत्वपूर्ण दस्तावेजों एवं सीसीटीवी कैमरों को नुकसान पहुंचाने का भी आरोप लगाया गया है। घटना की सूचना तत्काल डायल-112 और स्थानीय पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।

पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग

पीड़ित पक्ष का आरोप है कि आरोपित लगातार कंपनी बंद कराने और कर्मचारियों को धमकाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल, पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्ट- अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर

यह भी पढ़ें: बदायूं में बम की धमकी से मचा हड़कंप! मुख्य डाकघर पहुंची BDDS और डॉग स्क्वायड

Related Articles

Back to top button