अजिंक्य रहाणे ने सभी प्रारूपों से लिया संन्यास

  • अपने भावुक संदेश में बोले- देश को हमेशा खुद से ऊपर रखा

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
मुंबई। भारतीय क्रिकेट के सबसे शांत, भरोसेमंद और जुझारू खिलाडिय़ों में गिने जाने वाले अजिंक्य रहाणे ने गुरुवार को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट और सभी प्रारूपों से संन्यास लेने का एलान कर दिया। सोशल मीडिया पर जारी भावुक वीडियो में रहाणे ने अपने दो दशक लंबे सफर को याद करते हुए कहा कि उनके लिए हमेशा देश और टीम सबसे पहले रहे। बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में भारत को ऐतिहासिक जीत दिलाने वाले इस बल्लेबाज की विदाई ने करोड़ों क्रिकेट प्रशंसकों को भावुक कर दिया।
संन्यास का एलान करते हुए रहाणे ने कहा, जिंदगी की सच्चाई यही है कि हर चीज की शुरुआत होती है और हर चीज का अंत भी होता है। जब वह समय आता है तो हमें उसका सम्मान करते हुए आगे बढ़ जाना चाहिए। बल्लेबाजी में मैंने हमेशा सही टाइमिंग पर भरोसा किया है और उसकी अहमियत को समझा है। आज मुझे लगता है कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट और सभी प्रारूपों से संन्यास लेने के लिए यही सही समय है। अपने शुरुआती संघर्षों को याद करते हुए रहाणे ने कहा कि डोंबिवली से शुरू हुआ उनका सफर सिर्फ एक सपना पूरा करने के लिए था। उन्होंने कहा, डोंबिवली से एक छोटे लडक़े के रूप में सिर्फ अभ्यास करने के लिए सफर शुरू किया था। मैंने इस खेल को अपना सब कुछ दिया। हर दिन, हर पारी और बल्लेबाजी का हर मौका मेरे लिए भारत की कैप पहनने के सपने से जुड़ा था। रहाणे ने क्रिकेट के प्रति अपने समर्पण के बारे में बताते हुए कहा, मैंने हमेशा एक ही नियम अपनाया, अपने देश और अपनी टीम को खुद से ऊपर रखा। मैंने पूरी ईमानदारी के साथ क्रिकेट खेला और हमेशा यह माना कि अगर आपकी नीयत सही है तो खेल हमेशा आपका साथ देता है।

Related Articles

Back to top button