गोरखपुर में शुरू हुआ एचपीवी टीकाकरण अभियान, पहले ही दिन 45 छात्राओं को लगी वैक्सीन
गोरखपुर के एमएमएमयूटी में एचपीवी टीकाकरण अभियान शुरू हुआ। पहले दिन 45 छात्राओं को सर्वावैक वैक्सीन लगाई गई। अभियान का उद्देश्य सर्वाइकल कैंसर से बचाव और स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाना है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर से बचाव के प्रति जागरूकता बढ़ाने और छात्राओं के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने के उद्देश्य से मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (एमएमएमयूटी) में शुक्रवार को एचपीवी टीकाकरण अभियान के प्रथम चरण की शुरुआत हुई। अभियान के पहले दिन 45 पंजीकृत छात्राओं को सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया द्वारा विकसित सर्वावैक (CERVAVAC) एचपीवी वैक्सीन लगाई गई।
राज्यपाल की प्रेरणा से शुरू हुआ विशेष अभियान
यह अभियान उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल की प्रेरणा और एमएमएमयूटी की कुलपति प्रो. अनुपमा कौशिक शर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। महिला कल्याण एवं उत्पीड़न विरोधी प्रकोष्ठ तथा विश्वविद्यालय स्वास्थ्य केंद्र ने एम्स गोरखपुर और एचडीएफसी बैंक के सहयोग से इस विशेष स्वास्थ्य पहल का आयोजन किया।
विशेषज्ञों ने बताया टीकाकरण का महत्व
कार्यक्रम का शुभारंभ एम्स गोरखपुर की कार्यकारी निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी मेजर जनरल (डॉ.) विभा दत्ता (सेवानिवृत्त) ने किया। उन्होंने छात्राओं को एचपीवी संक्रमण, सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम और समय पर टीकाकरण के महत्व की जानकारी दी। इसके बाद प्रथम लाभार्थी को वैक्सीन लगाकर अभियान का औपचारिक शुभारंभ किया गया।
स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने की दिशा में अहम कदम
अभियान के संचालन में महिला कल्याण एवं उत्पीड़न विरोधी प्रकोष्ठ की अध्यक्ष डॉ. मीनू और विश्वविद्यालय स्वास्थ्य केंद्र की चिकित्सा अधिकारी डॉ. रीना बंका की प्रमुख भूमिका रही। कार्यक्रम में एम्स गोरखपुर के प्रो. डॉ. आनंद दीक्षित, एचडीएफसी बैंक के प्रतिनिधियों तथा विश्वविद्यालय की चिकित्सकीय टीम ने भी सहयोग किया। विश्वविद्यालय प्रशासन ने भविष्य में भी ऐसे स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम जारी रखने की बात कही।
रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर
यह भी पढ़ें: 10 साल से पानी में डूबा गांव का रास्ता, बांदा के ग्रामीणों ने डीएम से लगाई गुहार



