स्कूल से लौट रही युवती को तेज रफ्तार बाइक ने मारी टक्कर, इलाज के दौरान मौत

गोरखपुर के बेलीपार में तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से घायल 25 वर्षीय किरण यादव की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर बाइक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

4पीएम न्यूज नेटवर्कः गोरखपुर के बेलीपार थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हुई 25 वर्षीय युवती की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर बाइक चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

स्कूल से लौटते समय हुआ हादसा

पुलिस के अनुसार, जंगल रानी सोहास कुँवरी टोला महावीर छपरा निवासी (मूल निवासी करौता, थाना झगहा) मंडल यादव की पुत्री किरण यादव 17 जुलाई की दोपहर एक निजी विद्यालय से बच्चों को छोड़कर घर लौट रही थीं। महावीर छपरा चौराहे के पास पीछे से तेज गति से आ रही बाइक (UP53FU0188) ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।

चार दिन तक चला इलाज, नहीं बच सकी जान

परिजनों के मुताबिक हादसे में किरण यादव के हाथ-पैर में फ्रैक्चर, सीने की हड्डी टूटने और सिर में गंभीर चोट आई थी। उन्हें पहले जिला अस्पताल, फिर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। बाद में एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान सोमवार शाम उन्होंने दम तोड़ दिया। उनकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

पुलिस ने शुरू की कानूनी कार्रवाई

बेलीपार पुलिस ने मृतका के पिता मंडल यादव की तहरीर पर बाइक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर

यह भी पढ़ें: बारिश के बीच सिद्धपीठ बाबा बम्बनाथ मंदिर पर गिरी आकाशीय बिजली, बड़ा हादसा टला

Related Articles

Back to top button