ट्रैक्टर-ट्रॉली का रास्ता बना विवाद की वजह, बदायूं में पहले गाली-गलौज फिर जमकर मारपीट
बदायूं के बझेड़ा गांव में खेत से मिट्टी ले जाने के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉली निकालने पर दो पक्ष भिड़ गए। मारपीट का वीडियो वायरल हुआ है। पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: खेत से मिट्टी निकालने के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉली का रास्ता क्या बना, गांव में विवाद खड़ा हो गया। पहले दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और गाली-गलौज हुई, फिर मामला मारपीट तक पहुंच गया। बदायूं के बझेड़ा गांव की इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस ने एक पक्ष की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की है।
खेत से मिट्टी ले जाने को लेकर शुरू हुआ विवाद
मामला फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के बझेड़ा गांव का है। जानकारी के मुताबिक, 2 नवंबर को मुकेश पुत्र लाखन सिंह रामपाल के खेत से मिट्टी लेकर ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा रहे थे। इसी दौरान शाकिर अली और उनके बेटों ने रास्ते से ट्रैक्टर निकालने का विरोध किया। देखते ही देखते दोनों पक्षों में बहस और गाली-गलौज शुरू हो गई, जो बाद में मारपीट में बदल गई।
बीच-बचाव करने पहुंचे लोगों से भी मारपीट का आरोप
मुकेश का आरोप है कि विवाद के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे राजकुमार और मोहम्मद आलम के साथ भी मारपीट की गई। वहीं, दूसरे पक्ष का कहना है कि मिट्टी उठाने से उनके खेत को नुकसान पहुंच रहा था, इसी बात को लेकर विरोध किया गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया है।
चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट, पुलिस ने की कार्रवाई
मुकेश की तहरीर पर पुलिस ने शाकिर अली, अजमल, अजीम और साहिद हुसैन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। सीओ अंशुमान श्रीवास्तव के मुताबिक, चारों आरोपियों का शांतिभंग में चालान किया गया है। पुलिस वायरल वीडियो की भी जांच कर रही है। दोनों पक्षों के बीच विवाद की असल वजह और मारपीट से जुड़े तथ्यों की पड़ताल जारी है।
रिपोर्ट -संतुलित पाठक (बदायूं)
यह भी पढ़ें: नूरानपुर में CM योगी की एंट्री होते ही गूंजे जय श्रीराम के जयकारे, 1600 जवानों ने संभाली सुरक्षा



