नूरानपुर में CM योगी की एंट्री होते ही गूंजे जय श्रीराम के जयकारे, 1600 जवानों ने संभाली सुरक्षा

सीएम योगी आदित्यनाथ पीलीभीत के नूरानपुर में श्रीराम कथा के समापन समारोह में पहुंचे। हेलीकॉप्टर से आगमन पर जय श्रीराम के जयकारे गूंजे। सुरक्षा के लिए नौ जिलों की पुलिस के करीब 1600 जवान तैनात रहे।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: पीलीभीत के नूरानपुर गांव में मंगलवार को धार्मिक आयोजन के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आगमन हुआ तो पूरा माहौल जय श्रीराम के नारों से गूंज उठा। मुख्यमंत्री यहां बीसलपुर तहसील क्षेत्र के शिव मंदिर परिसर में आयोजित श्रीराम कथा के समापन समारोह में शामिल होने पहुंचे थे। उनकी एक झलक पाने के लिए आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु कार्यक्रम स्थल पर जुटे। साधु-संतों और जनप्रतिनिधियों ने उनका स्वागत किया।

हेलीकॉप्टर से पहुंचे सीएम योगी, मंदिर परिसर में उमड़ी भीड़

मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर दोपहर करीब 12 बजे शिव मंदिर के पास बनाए गए हेलीपैड पर उतरा। यह मंदिर गोरक्षपीठ से जुड़ा हुआ है। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया था। आसपास के गांवों से आए लोगों में मुख्यमंत्री को देखने का खासा उत्साह नजर आया। श्रीराम कथा के समापन अवसर पर विशेष धार्मिक कार्यक्रम भी आयोजित किया गया।

श्रीराम कथा के समापन पर साधु-संतों की जुटी मौजूदगी

नूरानपुर के शिव मंदिर परिसर में कई दिनों से श्रीराम कथा चल रही थी। मंगलवार को इसके समापन समारोह में शामिल होने के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों से साधु-संत और श्रद्धालु पहुंचे। मुख्यमंत्री के आगमन पर धार्मिक माहौल और उत्साह के बीच जय श्रीराम के जयकारे गूंजते रहे।

नौ जिलों की पुलिस ने संभाली सुरक्षा की कमान

मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। पीलीभीत समेत नौ जिलों की पुलिस के करीब 1600 जवानों और पीएसी की एक कंपनी को तैनात किया गया। सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी चार अपर पुलिस अधीक्षकों और 16 डिप्टी एसपी को सौंपी गई थी। हेलीपैड से मंदिर परिसर तक पुलिस बल तैनात रहा। भीड़ और यातायात को नियंत्रित करने के लिए अलग-अलग टीमें लगाई गई थीं। मुख्यमंत्री के दौरे के चलते नूरानपुर और आसपास के इलाकों में दिनभर हलचल बनी रही।

रिपोर्ट – सुनील सक्सेना, बरेली

यह भी पढ़ें: उन्नाव में रफ्तार का कहर! ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत

Related Articles

Back to top button