Bank Strike 2026: 28 से 30 सितंबर तक बैंक हड़ताल, लगातार 5 दिन कैसे प्रभावित होंगी सेवाएं?
28 से 30 सितंबर 2026 तक UFBU की बैंक हड़ताल प्रस्तावित है। पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था की मांग के बीच 27 सितंबर को सार्वजनिक और ग्रामीण बैंक खुले रहेंगे।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: गोरखपुर समेत देशभर के बैंक ग्राहकों के लिए सितंबर के आखिरी दिनों में बैंकिंग सेवाओं को लेकर अहम अपडेट है। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने 28, 29 और 30 सितंबर 2026 को तीन दिवसीय देशव्यापी हड़ताल का आह्वान बरकरार रखा है। यूनियनों की प्रमुख मांग सप्ताह में पांच दिन बैंकिंग व्यवस्था लागू करने की है।
पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था की मांग
बैंक कर्मचारी सोमवार से शुक्रवार तक काम और शनिवार-रविवार साप्ताहिक अवकाश की व्यवस्था लागू करने की मांग कर रहे हैं। इसके अलावा परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव (PLI) समेत अन्य मुद्दे भी यूनियनों की मांगों में शामिल हैं। 22 सितंबर की सुलह बैठक के बाद UFBU ने कहा कि पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह पर ठोस प्रगति नहीं होने के कारण हड़ताल जारी रहेगी।
27 सितंबर को खुले रहेंगे सरकारी बैंक
हड़ताल से पहले ग्राहकों को राहत देने के लिए 27 सितंबर, रविवार को सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक सामान्य रूप से खुले रहेंगे। वित्त मंत्रालय के अनुसार RBI ने भी बैंक शाखाओं, कार्यालयों, ATM से जुड़े केंद्रों और करेंसी चेस्ट को उस दिन संचालित करने की अनुमति दी है।
28 से 30 सितंबर के दौरान शाखाओं में नकद जमा-निकासी, चेक क्लियरेंस और अन्य काउंटर सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं। ATM, UPI और इंटरनेट/मोबाइल बैंकिंग जैसी डिजिटल सेवाओं के उपलब्ध रहने की उम्मीद है, हालांकि सेवा की उपलब्धता संबंधित बैंक पर निर्भर करेगी।
30 सितंबर को वित्तीय समापन भी
30 सितंबर को बैंकों का छमाही वित्तीय समापन भी है। ऐसे में हड़ताल का समय बैंकिंग व्यवस्था के लिहाज से महत्वपूर्ण है। ग्राहकों को सलाह दी गई है कि जरूरी शाखा-आधारित काम समय रहते निपटा लें। लगातार छुट्टी और हड़ताल के कारण 26 से 30 सितंबर के बीच शाखा सेवाओं पर लंबे अंतराल का असर पड़ सकता है।
रिपोर्ट -अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर
Badaun News: गंगा एक्सप्रेसवे पर ट्रक-पिकअप की जोरदार भिड़ंत, चालक गंभीर घायल



