डेयरी जा रहे युवक की गाड़ी रोकी, 10 हजार की रंगदारी मांगी! चार पर मुकदमा

बरेली के इज्जतनगर में डेयरी जा रहे युवक की गाड़ी रोककर 10 हजार रुपये की रंगदारी मांगने और मारपीट का आरोप लगा है। पुलिस ने चार युवकों पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की है।

4पीएम न्यूज नेटवर्कः रात के अंधेरे में डेयरी के लिए गाय लेकर जा रहे युवक की गाड़ी रोकने और उससे 10 हजार रुपये की रंगदारी मांगने का आरोप लगा है। इज्जतनगर थाना क्षेत्र में हुई इस घटना में युवक ने मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने चार युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

रात 11 बजे कुम्हरा कट पर रोकी गाड़ी

कैंट क्षेत्र के मोहनपुर निवासी बन्ने खां के मुताबिक, 28 सितंबर की रात वह उबैश के साथ अलग-अलग वाहनों से दो-दो गाय लेकर एक फार्म हाउस से सहदाना डेयरी जा रहे थे। रात करीब 11 बजे विलयधाम के पास कुम्हरा कट पर चार युवकों ने उनकी गाड़ी रोक ली।

मारपीट के बाद 10 हजार मांगने का आरोप

बन्ने खां ने पुलिस को बताया कि गाड़ी रुकवाने के बाद युवकों ने गाली-गलौज और मारपीट की। इसके बाद 10 हजार रुपये की मांग की गई। रुपये नहीं देने पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है। इसी दौरान वहां से पुलिस की गाड़ी गुजरने पर पुलिसकर्मियों ने मौके पर मौजूद युवकों से पूछताछ की।

चार के खिलाफ मुकदमा, जांच में जुटी पुलिस

पीड़ित के अनुसार युवकों की पहचान पुष्पेंद्र निवासी पटेल बिहार, शिवा सिंह तोमर निवासी बीडीए कॉलोनी, मयंक चौहान और अस्मित निवासी गणेश नगर के रूप में हुई। इज्जतनगर पुलिस ने चारों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। आरोपियों के हनुमान दल से जुड़े होने की बात भी शिकायत में सामने आई है। पुलिस के अनुसार आरोपों की जांच घटनास्थल, गवाहों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर की जा रही है।

रिपोर्ट—सुनील सक्सेना, बरेली

यह भी पढ़ें: कौन सा कोर्स, कहां पढ़ें और कैसे मिलेगा एडमिशन? छात्रों को एक ही जगह मिली पूरी जानकारी

Related Articles

Back to top button