कौन सा कोर्स, कहां पढ़ें और कैसे मिलेगा एडमिशन? छात्रों को एक ही जगह मिली पूरी जानकारी

गोरखपुर के जेपी एजुकेशन एकेडमी में Global Education Fair 2026-27 लगा। 11वीं-12वीं के छात्रों और अभिभावकों को उच्च शिक्षा, कोर्स, एडमिशन और करियर विकल्पों की जानकारी मिली।

4पीएम न्यूज नेटवर्कः 11वीं और 12वीं के बाद कौन सा कोर्स चुना जाए, किस संस्थान में पढ़ाई बेहतर रहेगी और बदलते दौर में करियर के कौन से विकल्प सामने हैं? ऐसे सवालों के जवाब तलाशने का मौका गोरखपुर के विद्यार्थियों को जेपी एजुकेशन एकेडमी में आयोजित ‘ग्लोबल एजुकेशन फेयर एवं करियर गाइडेंस 2026-27’ में मिला। बुधवार को आयोजित मेले में छात्रों ने विभिन्न उच्च शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधियों से सीधे बातचीत की।

एक जगह मिली उच्च शिक्षा की जानकारी

कार्यक्रम का आयोजन ज़ेबा इंटरनेशनल एजुकेशन स्कॉलरबर्ड्स की निदेशक ज़ेबा परवीन के सहयोग से हुआ। फेयर में विभिन्न उच्च शिक्षण संस्थानों और करियर क्षेत्रों के प्रतिनिधियों ने पाठ्यक्रम, प्रवेश प्रक्रिया, उच्च शिक्षा के अवसर और करियर विकल्पों की जानकारी दी। विद्यार्थियों ने काउंसलिंग और इन्फॉर्मेशन डेस्क पर विशेषज्ञों से अपने सवाल पूछे।

छात्रों के साथ अभिभावकों ने भी समझे विकल्प

कार्यक्रम में अभिभावकों ने भी हिस्सा लिया। उन्होंने उच्च शिक्षा और करियर से जुड़े विकल्पों को लेकर संस्थानों के प्रतिनिधियों से जानकारी प्राप्त की। विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, भविष्य से जुड़े फैसलों में विद्यार्थी, अभिभावक और स्कूल के बीच संवाद महत्वपूर्ण है।

लोकप्रिय विकल्प की भीड़ से अलग सोचने पर जोर

प्रधानाचार्य डॉ. सलील के. श्रीवास्तव ने कहा कि करियर की दुनिया तेजी से बदल रही है और नए अवसर सामने आ रहे हैं। ऐसे में विद्यार्थियों को अपनी रुचि, योग्यता और प्रतिभा को पहचानकर सोच-समझकर करियर का चुनाव करना चाहिए। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य सिर्फ अच्छे अंक हासिल करना नहीं, बल्कि भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करना भी है। कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय ने विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ व्यापक करियर मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के प्रयास जारी रखने का संकल्प दोहराया।

रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर 

यह भी पढ़ें: गोरखपुर के MMMUT की बड़ी उपलब्धि, THE World University Ranking में सुधरी स्थिति

Related Articles

Back to top button