झारखंड से आती थी अफीम की खेप, बरेली में होती थी सप्लाई; 511 ग्राम के साथ दो गिरफ्तार
बरेली के भमोरा में पुलिस ने 511 ग्राम अफीम के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक आरोपी झारखंड से अफीम लाकर बरेली और आसपास के इलाकों में बेचते थे।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: बरेली में नशे की तस्करी के खिलाफ भमोरा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, दोनों के कब्जे से 511 ग्राम अफीम और दो मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। पूछताछ में झारखंड से अफीम लाकर बरेली और आसपास के क्षेत्रों में बेचने की बात सामने आई है। अब पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े दूसरे लोगों की तलाश कर रही है।
बमियाना मोड़ पर पकड़े गए दोनों आरोपी
पुलिस के अनुसार, गुरुवार रात मुखबिर से सूचना मिलने के बाद भमोरा पुलिस ने बमियाना मोड़ के पास दो संदिग्ध युवकों को पकड़ा। तलाशी में उनके पास से 511 ग्राम अफीम बरामद हुई। दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। आरोपियों की पहचान विशारतगंज क्षेत्र के सिसौना निवासी महेंद्र और अलीगंज क्षेत्र के कल्याणपुरी पट्टी निवासी कुलदीप के रूप में हुई है।
झारखंड से सस्ती अफीम लाने का पुलिस का दावा
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे झारखंड से कम कीमत पर अफीम खरीदकर लाते थे और बरेली व आसपास के इलाकों में इसे महंगे दाम पर बेचते थे। पुलिस के अनुसार, उनके ग्राहकों में ट्रक ड्राइवर समेत अन्य लोग भी शामिल थे। हालांकि, पुलिस अब यह पता लगा रही है कि झारखंड में सप्लाई का स्रोत क्या था और बरेली में किन लोगों तक खेप पहुंचाई जाती थी।
NDPS Act में केस, नेटवर्क की तलाश जारी
भमोरा पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ NDPS Act की धारा 8/18 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। कार्रवाई में थाना प्रभारी कुशलपाल सिंह के साथ उपनिरीक्षक गौरव चौहान, उपनिरीक्षक तरुण कुमार समेत पुलिसकर्मी शामिल रहे।
रिपोर्ट – सुनील सक्सेना, बरेली
यह भी पढ़ें: पति की गुमशुदगी की कहानी निकली हत्या का राज, पत्नी और प्रेमी गिरफ्तार; झाड़ियों से मिला शव



