धान खरीद से गन्ने के रेट तक… किसानों ने खोला मांगों का पिटारा, CM के नाम भेजा ज्ञापन
सीतापुर में किसानों और मजदूरों ने नौ सूत्री मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। गन्ने का 600 रुपये रेट, धान खरीद, बोनस, बिजली और कर्ज राहत समेत कई मांगों का ज्ञापन सौंपा।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: सीतापुर में किसानों और मजदूरों की मांगों को लेकर शनिवार को प्रदर्शन हुआ। संयुक्त किसान मोर्चा के बैनर तले जुटे किसानों ने अपनी समस्याओं को लेकर आवाज उठाई और जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन भेजा। ज्ञापन में गन्ने से लेकर धान खरीद, बिजली और कर्ज राहत तक कई मुद्दे उठाए गए।
गन्ने का रेट 600 रुपये करने की मांग
किसान-मजदूर संघर्ष मोर्चा के अध्यक्ष पिंदर सिंह सिद्धू की ओर से सौंपे गए ज्ञापन में आगामी पेराई सत्र से पहले गन्ने का समर्थन मूल्य 600 रुपये प्रति क्विंटल घोषित करने की मांग की गई। किसानों ने गन्ने का भुगतान तय समय में कराने और चीनी मिलों व गन्ना समितियों पर लंबित बकाया जल्द दिलाने की मांग भी रखी।
धान खरीद में बोनस और ऑनलाइन केंद्रों की मांग
किसानों ने मांग की कि एक अक्टूबर से जिले के सभी धान क्रय केंद्र संचालित किए जाएं। नवीन गल्ला मंडी समेत जिले में कम से कम 20 ऑनलाइन धान क्रय केंद्र बनाने और खरीद केंद्रों पर CCTV कैमरे लगाने की मांग की गई। ज्ञापन में घोषित MSP 2441 रुपये प्रति क्विंटल के अतिरिक्त 100 रुपये बोनस देने की मांग भी शामिल रही।
बिजली, कर्ज और समस्याओं के समयबद्ध समाधान पर जोर
प्रदर्शनकारियों ने जर्जर बिजली के तार और केबल बदलने, किसानों-मजदूरों व छोटे व्यापारियों के लिए प्रभावी कर्ज राहत योजना लागू करने की मांग उठाई। दस्तावेज सत्यापन को आसान बनाने और पात्र किसानों की फसल बिना अनावश्यक बाधा खरीदने की व्यवस्था की मांग भी की गई। किसानों ने समस्याओं के समयबद्ध निस्तारण के लिए प्रशासन से ठोस कदम उठाने की अपील की।
रिपोर्ट – वली चौधरी, सीतापुर
यह भी पढ़ें: झारखंड से आती थी अफीम की खेप, बरेली में होती थी सप्लाई; 511 ग्राम के साथ दो गिरफ्तार



