आज बरेली में योगी – 180 करोड़ का Urban Heart, 12 करोड़ का स्काईवॉक… जनता पूछ रही, हिसाब कौन देगा?
बरेली में CM योगी आदित्यनाथ के दौरे के बीच स्मार्ट सिटी परियोजनाओं पर सवाल उठे हैं। करीब 180 करोड़ के Urban Heart Project और 12 करोड़ के स्काईवॉक का अब तक अपेक्षित इस्तेमाल क्यों नहीं हो रहा? स्थानीय लोग समीक्षा बैठक में जवाबदेही तय करने की मांग कर रहे हैं।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज बरेली में क्लब ग्राउंड मे विशाल जनसभा को संबोधित करेगे इसके बाद वे तुरन्त सर्किट हाऊस पहुंचकर विकास कार्यों और कानून व्यवस्था की हाई लेवल समीक्षा करेंगे। सर्किट हाउस में होने वाली इस समीक्षा बैठक में अधिकारियों और भाजपा के जनप्रतिनिधियों से जिले की नौ विधानसभा सीटों पर संगठन की स्थिति के साथ-साथ विकास कार्यों की प्रगति पर भी चर्चा होगी। मुख्य मंत्री अपने दौरे के दौरान रामायण वाटिका का वर्चुअल उद्घाटन भी कर सकते है.
इसी बीच शहर के लोगों और व्यापारियों ने मुख्यमंत्री से एक बड़ी मांग उठाई है। मांग है कि समीक्षा बैठक में स्मार्ट सिटी के कार्यों, खासकर 180 करोड़ की लागत से बने Urban Heart Project और अयूब खां चौराहे पर बने स्काईवॉक का भी हिसाब जिम्मेदार अधिकारियों और नेताओं से लिया जाए।
बरेली स्मार्ट सिटी के नाम पर करोड़ों की लागत से बने अर्बन हार्ट प्रोजेक्ट में पटेल चौक पर बना 12 करोड़ का स्काईवॉक आज तक चालू नहीं हो पाया और जंग खा रहा है। परिसर में बनी सैकड़ों दुकानें, फूड कोर्ट और ओपन थिएटर खाली पड़े हैं। आरोप है कि बिना प्लानिंग और जरूरत के यह प्रोजेक्ट बनाकर सरकारी धन की बर्बादी की गई। अब इसी प्रोजेक्ट के कुछ हिस्सों को तोड़ा जा रहा है।
शहर के लोगों का कहना है कि जब मुख्यमंत्री बरेली की 9 सीटों का रिपोर्ट कार्ड ले रहे हैं, तो इस 180 करोड़ के सफेद हाथी का रिपोर्ट कार्ड भी लिया जाए। इसमें तय हो कि इतनी बड़ी रकम खर्च होने के बाद भी शहर को क्या मिला और इसका जिम्मेदार कौन है।
रिपोर्ट – सुनील सक्सेना, बरेली
यह भी पढ़ें: SIR के तहत दिल्ली में 33 लाख मतदाताओं को नोटिस, कितने मामलों का हुआ समाधान?



