कानपुर में बड़ी लूट! BJP प्रदेश मंत्री रमेश यादव को बंधक बनाकर 50 लाख का माल उड़ाया

कानपुर में बीजेपी प्रदेश मंत्री रमेश यादव को बंधक बनाकर करीब 50 लाख के जेवरात और नकदी लूटने की खबर है। पुलिस, फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड जांच में जुटे हैं।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: कानपुर में बेखौफ बदमाशों ने बड़ी लूट की वारदात को अंजाम दिया है। नकाबपोश बदमाशों ने बीजेपी के प्रदेश मंत्री रमेश यादव को कथित तौर पर बंधक बनाकर उनके हाथ-पैर बांध दिए और घर से करीब 50 लाख रुपये के जेवरात व नकदी लूटकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। वरिष्ठ अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी गई है।

नकाबपोश बदमाशों ने रमेश यादव को बनाया बंधक

मामला कानपुर के दक्षिण क्षेत्र में सेन पश्चिमपारा थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। मिली जानकारी के मुताबिक, नकाबपोश बदमाशों ने बीजेपी प्रदेश मंत्री रमेश यादव को बंधक बनाकर उनके हाथ-पैर बांध दिए। इसके बाद घर में रखे जेवरात और नकदी लेकर फरार हो गए। लूटी गई संपत्ति की अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई जा रही है। हालांकि, बदमाशों की संख्या और वारदात के पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।

अपर पुलिस आयुक्त और डीसीपी मौके पर पहुंचे

घटना की गंभीरता को देखते हुए अपर पुलिस आयुक्त डॉ. विपिन टाडा और डीसीपी साउथ दीपेंद्रनाथ चौधरी खुद घटनास्थल पर पहुंचे। उनके साथ भारी पुलिस बल भी मौजूद रहा। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच से जुड़ी जानकारी ली।

फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड से जांच

पुलिस ने मामले की जांच के लिए फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड की मदद ली है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने और बदमाशों तक पहुंचने के प्रयास किए जा रहे हैं। अब पुलिस के सामने आरोपियों की पहचान करने, लूटे गए सामान का पता लगाने और वारदात की पूरी कड़ी जोड़ने की चुनौती है। मामले में गिरफ्तारी और बरामदगी को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने आने का इंतजार है।

रिपोर्ट – प्रांजुल मिश्रा, कानपुर

यह भी पढ़ें: आज बरेली में योगी – 180 करोड़ का Urban Heart, 12 करोड़ का स्काईवॉक… जनता पूछ रही, हिसाब कौन देगा?

Related Articles

Back to top button