“आखिरी बार मेरा चेहरा देख लो…” बेटे की आखिरी कॉल सुनकर टूट गया परिवार, फिर…
बरेली के बिथरी चैनपुर में 21 वर्षीय युवक की संदिग्ध आत्महत्या के मामले में परिजनों ने मारपीट और आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने चार नामजद समेत अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां 21 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में सल्फास खाने से मौत हो गई। मृतक के परिजनों का आरोप है कि युवक को उसकी बचपन की दोस्त के परिजनों ने घर में घुसकर बेरहमी से पीटा और जान से मारने की धमकी दी थी। इसी मानसिक तनाव के चलते उसने आत्मघाती कदम उठाया। पुलिस ने मृतक के पिता की तहरीर पर चार नामजद समेत अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बचपन की दोस्ती के बाद शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र के मोहनपुर रामनगर निवासी कारपेंटर गंगादेव शर्मा का 21 वर्षीय बेटा आदित्य शर्मा पड़ोस में रहने वाली एक युवती का बचपन का मित्र था। परिजनों के मुताबिक, 23 जून को दोनों बटलर प्लाजा मार्केट गए थे, जहां युवती के लिए मोबाइल खरीदा गया। इसके बाद दोनों आदित्य की नानी के घर चले गए, जिससे युवती के घर लौटने में देर हो गई।
घर पहुंचते ही मारपीट का आरोप
मृतक के पिता का आरोप है कि युवती के देर से घर पहुंचने पर उसके पिता, भाई, चचेरे भाई और मां आदित्य के घर पहुंचे। आदित्य को फोन कर बुलाया गया और उसने युवती को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। परिजनों का आरोप है कि इसके बाद भी विवाद शांत नहीं हुआ और युवती के परिजनों ने आदित्य के साथ कथित रूप से मारपीट की। बीच-बचाव करने पर परिवार को भी धमकियां दी गईं। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी वहां से चले गए।
“आखिरी बार मेरा चेहरा देख लो”
परिजनों के अनुसार, घटना के अगले दिन आदित्य घर से निकल गया। शाम को उसने अपने माता-पिता को फोन कर बताया कि उसने सल्फास खा लिया है और कहा कि वे आखिरी बार उसका चेहरा देख लें। परिजन तत्काल उसके पास पहुंचे और उसे गंभीर हालत में अस्पताल ले गए। इलाज के दौरान शुक्रवार तड़के उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने चार नामजद समेत अन्य पर दर्ज किया मुकदमा
घटना की सूचना मिलने के बाद बिथरी चैनपुर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के पिता गंगादेव शर्मा की शिकायत पर प्रमोद भारद्वाज, अंकुर भारद्वाज, आदित्य भारद्वाज, बीना भारद्वाज समेत अन्य लोगों के खिलाफ मारपीट और आत्महत्या के लिए कथित रूप से उकसाने सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।
एसपी बोले- जांच के आधार पर होगी सख्त कार्रवाई
एसपी उत्तरी मकेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है। विवेचना के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। यदि किसी की भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ कठोर कानूनी कदम उठाए जाएंगे।
रिपोर्ट – सुनील सक्सेना
यह भी पढ़ें: लखनऊ मजदूरी करने गया था बुजुर्ग, सीतापुर में खेत से मिला शव; हत्या की आशंका



