Abhishek Bachchan की वजह से Amitabh को किया गया बायकॉट, सहनी पड़ी थी जिल्लत

बॉलीवुड की दुनिया में कुछ नाम ऐसे रहे हैं..जो स्टार तो बने ही लेकिन वो अपने साथ एक विरासत को भी आगे लेकर चले। एक्टर अभिषेक बच्चन उन्हीं नामों में से एक हैं।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: बॉलीवुड की दुनिया में कुछ नाम ऐसे रहे हैं..जो स्टार तो बने ही लेकिन वो अपने साथ एक विरासत को भी आगे लेकर चले। एक्टर अभिषेक बच्चन उन्हीं नामों में से एक हैं। सदी के महानायक अमिताभ बच्चन और जया बच्चन के बेटे होने के चलते उम्मीदें उनसे हमेशा आसमान छूती रहीं। लेकिन अभिषेक की कहानी सिर्फ “स्टार किड” होने की नहीं, बल्कि अपने हिस्से के स्ट्रगल, उतार-चढ़ाव, और लगातार खुद को साबित करने की जद्दोजहद की भी है।

आज अभिषेक बच्चन किसी पहचान के मोहताज तो नहीं हैं। एक पोलाइट एक्टर होने के साथ-साथ वो अच्छे बेटे-पति और पिता भी बन चुके हैं। उन्हें देखकर Gentleman वाइब्स अपने आप आ जाती है। लेकिन, अभिषेक से जुड़ा एक ऐसा शॉकिंग किस्सा भी है..जिसे जानकर आपके होश भी उड़ जाएंगे। आख़िर जूनियर बच्चन की वजह से उनके पिता और बॉलीवुड के बिग बी उर्फ़ अमिताभ बच्चन को ज़िल्लत उठाने का सामना जो करना पड़ा था।

ऐसे में, जब आज 5 फ़रवरी को अभिषेक बच्चन के 50वें जन्मदिन का ख़ास मौक़ा आया है..तो, क्यों ना आपको उनसे जुड़ी इस कहानी के बारे में भी विस्तार से बता दें..? सबसे पहले तो 4pmbollywood भी अभिषेक बच्चन को जन्मदिन की ढेर सारी बधाइयाँ देता है। तो, अभिषेक का ये किस्सा आपको अब बताते हैं। अब जैसा की सभी जानते हैं कि, बिग बी की एक झलक पाने के लिए फैन्स से लेकर पैप्स भी घंटों तक इंतजार करते हैं।लेकिन एक वक्त ऐसा भी था, जब बिग बी को देखते ही फोटोग्राफर कैमरा आसमान की तरफ कर लेते थे। और, हैरानी की बात तो ये है कि इसके तार उनके बेटे अभिषेक बच्चन से जुड़े थे।

दरअसल, एक समय पर अमिताभ से पैपराजी इतनी बुरी तरह नाराज हो गए थे कि उन्हें देखते ही कैमरा हटा लिया करते थे। ये सब उनके बेटे अभिषेक बच्चन की शादी के दौरान हुआ था, जब सभी पैप्स ने अमिताभ को बैन कर दिया था। हुआ यूं था कि, अभिषेक बच्चन की शादी में पैपराजी बच्चन परिवार से बेहद नाराज हो गए थे। एक पुराने इंटरव्यू में एक सीनियर पैपराजी ने बताया था कि अभिषेक और ऐश्वर्या की शादी के दौरान फोटोग्राफर्स का काफी कुछ झेला था।

उन्होंने कहा था कि, “हम लोग दो-तीन दिन तक बच्चन साहब के घर के बाहर मौजूद थे कि एक झलक तो हमें मिलेगी। लेकिन जैसे ही बिग बी के घर बारात आई तो उसे बसों के बीच में खड़ा कर दिया गया। हमें कुछ भी क्लिक करने को नहीं मिला। सिक्योरिटी का रवैया तो हमारे प्रति बहुत ही खराब था। कुछ सिक्योरिटी गार्ड्स ने हमारे साथ मारपीट तक की। उस वक्त अमर सिंह की सिक्योरिटी थी, फोटोग्राफर के साथ उन्होंने बहुत गलत बिहेव किया था।”

“यही सब कुछ देखकर पैपराजी इतना नाराज हो गए थे कि उन्होंने मिलकर फैसला किया कि अब बच्चन परिवार का कोई भी सदस्य दिखता है, तो कोई उन्हें क्लिक नहीं करेगा। इसके बाद उन्होंने ऐसा किया भी, पैप्स को जहां भी अमिताभ बच्चन या उनकी फैमिली का कोई भी नजर आता था, तो वो कैमरे ऊपर कर लेते थे, लेकिन उन्हें क्लीक नहीं करते थे।” लेकिन, रिपोर्ट्स के मुताबिक, बाद में बिग बी ने सभी मीडिया और पैप्स को बुलाकर कहा कि उनसे गलती हुई थी। तब जाकर ये मामला शांत हुआ और पैप्स ने उन्हें फिर से क्लिक करना शुरू किया।

बात अभिषेक बच्चन की करें तो, एक्टर का जन्म 5 फरवरी 1976 को मुंबई में हुआ। बचपन से ही वो फिल्मी और साहित्य से भरे माहौल में पले। शुरुआती पढ़ाई मुंबई में हुई, बाद में वे पढ़ाई के लिए स्विट्ज़रलैंड गए और फिर अमेरिका के बोस्टन यूनिवर्सिटी में भी एडमिशन लिया। हालांकि, पढ़ाई पूरी करने से पहले ही बॉलीवुड उन्हें भारत खींच लाया। अपने सुपरस्टार पिता के नक्शेकदम को फ़ॉलो करते हुए अभिषेक ने साल 2000 में जे. पी. दत्ता की फिल्म “रिफ्यूजी” से बॉलीवुड में डेब्यू किया। फिल्म में उनके साथ करीना कपूर थीं। उनके काम की तो तारीफ़ हुई लेकिन एक स्टार वो नहीं बन पाये।

इसके बाद, वो “तेरा जादू चल गया”, “ढाई अक्षर प्रेम के”, “बस इतना सा ख्वाब है” जैसी फ़िल्मों में नजर आए, लेकिन ये सभी बॉक्स ऑफिस पर खास कमाल नहीं दिखा पाईं। लगातार फ्लॉप फिल्मों ने उन्हें “फ्लॉप स्टार किड” का टैग भी दिला दिया। फिर, अभिषेक के करियर का असली मोड़ आया साल 2004 में फ़िल्म “युवा” से। फ़िल्म में उन्होंने नेगेटिव किरदार निभाया था। इसके बाद “बंटी और बबली”, “सरकार”, “धूम” सीरीज़ और “कभी अलविदा ना कहना” जैसी फिल्मों ने उन्हें इंडस्ट्री में अपनी जगह दिलाई।

“धूम” फ्रेंचाइज़ी में जय दीक्षित का किरदार आज भी उनके सबसे यादगार रोल्स में गिना जाता है। इन फिल्मों ने साबित किया कि अभिषेक सिर्फ अमिताभ बच्चन के बेटे नहीं, बल्कि अपने दम पर पहचान बनाने वाले स्टार हैं। हालांकि, सक्सेस के बाद भी अभिषेक का करियर एक सीधी लाइन में नहीं चला। कुछ फिल्में चलीं, कुछ नहीं। लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी। साल 2018 के बाद अभिषेक ने ओटीटी प्लेटफॉर्म की ओर रुख किया और “ब्रीद”, “बॉब बिस्वास”, “द बिग बुल”, और “लूडो” जैसी सीरीज में अपनी एक्टिंग से दर्शकों को चौंका दिया।

तो, अभिषेक बच्चन का रिश्ता अपने परिवार से बेहद गहरा है। वो अक्सर अपने पिता अमिताभ बच्चन को अपना सबसे बड़ा आलोचक और मार्गदर्शक बताते हैं। माँ जया बच्चन से उन्हें आर्ट की समझ मिली, जबकि पत्नी ऐश्वर्या राय से गरिमा। एक्टर की पर्सनल लाइफ की बात करें तो, उनका नाम बॉलीवुड की कई हसीनाओं से जुड़ा। रानी मुखर्जी से उनके अफेयर की चर्चा हुई। तो, कपूर खानदान की बेटी करिश्मा कपूर से तो उनकी सगाई भी हो गई थी। अमिताभ बच्चन के 60th बर्थडे पर इसकी ऑफिशियल अनाउंसमेंट हुई थी। लेकिन फिर कुछ वजहों के चलते ये रिश्ता टूट गया। कहा जाता है कि, करिश्मा की मां बबीता कपूर की कंडीशन के चलते उनका रिश्ता आगे नहीं बढ़ पाया।

फिर, अभिषेक की ज़िंदगी में आईं पूर्व मिस वर्ल्ड ऐश्वर्या राय। ऐश्वर्या भी दो टूटे रिश्तों से बाहर आई थीं। ऐसे में, दोनों की नज़दीकियाँ बढ़ीं। साल 2006 में दोनों की लव लाइफ शुरू हुई, इस दौरान दोनों स्टार्स ने फ़िल्म ‘गुरु’ में काम किया था और इसी फिल्म से दोनों ने डेट भी करना शुरू कर दिया था। इसके एक साल बाद अप्रैल 2007 में अभिषेक बच्चन और ऐश्वर्या राय की शादी ने पूरे देश का ध्यान खींचा। यह शादी सिर्फ दो सितारों का मिलन नहीं थी, बल्कि एक बेहद ख़ास रिश्ता था। दोनों की जोड़ी को आज भी बॉलीवुड की सबसे खूबसूरत जोड़ियों में गिना जाता है। कपल की एक बेटी है- आराध्या बच्चन, जो मीडिया और फैंस के बीच पॉपुलर हैं।

तो, अभिषेक बच्चन सिर्फ अभिनेता ही नहीं, बल्कि एक समझदार बिज़नेसमैन भी हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक़, उनकी नेटवर्थ ₹280–300 करोड़ के आसपास मानी जाती है।उनकी कमाई फिल्मस और वेब सीरीज़ के साथ-साथ ब्रांड एंडोर्समेंट से होती है। अभिषेक प्रो कबड्डी लीग टीम “जयपुर पिंक पैंथर्स” के सह-मालिक हैं। इस टीम ने अभिषेक को 100 गुना रिटर्न दिया। वो फुटबॉल क्लब चेन्नईयिन एफसी से जुड़े हुए हैं। इससे भी उनकी कमाई होती है।

कहना ग़लत नहीं होगा कि, अभिषेक ने अपने स्मार्ट मूव्स से बिजनेस की दुनिया में ऐसी धाक जमाई है कि उन्होंने पूरा का पूरा एक बिजनेस एम्पायर ही खड़ा कर लिया है। तो वो, रियल एस्टेट में भी एंट्री कर चुके हैं। अभिषेक की अयोध्या में भी अच्छी-खासी प्रॉपर्टी है। सिर्फ मुंबई में ही रियल एस्टेट में 219 करोड़ रुपये लगाए हैं। अभिषेक ने बोरीवली में 15.4 करोड़ रुपये में छह अपार्टमेंट खरीदे थे। इसके अलावा, मुलुंड में भी दस अपार्टमेंट उनके पास हैं। हुरुन रिच लिस्ट 2025 के अनुसार, अभिषेक और उनके पिता अमिताभ बच्चन के परिवार की कुल नेट वर्थ 1630 करोड़ रुपये है, और ये लगातार बढ़ ही रही है।

Related Articles

Back to top button