विंध्याचल में बड़ा हादसा! गंगा में डूबे दो सगे भाई, एक को बचाने गया दूसरा भी लापता
मीरजापुर के विंध्याचल स्थित दीवान घाट पर गंगा स्नान के दौरान आजमगढ़ से आए दो सगे भाई डूब गए। एक भाई को बचाने के प्रयास में दूसरा भी गहरे पानी में समा गया। SDRF और गोताखोर दोनों की तलाश में जुटे हैं।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: मीरजापुर के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल विंध्याचल में मंगलवार को दर्दनाक हादसा हो गया। मां विंध्यवासिनी के दर्शन करने आजमगढ़ से आए दो सगे भाई दीवान घाट पर गंगा स्नान के दौरान डूब गए। घटना के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोनों भाई स्नान कर रहे थे, तभी एक युवक अचानक गहरे पानी में चला गया। उसे डूबता देख दूसरा भाई बचाने के लिए गंगा में कूद पड़ा, लेकिन तेज बहाव और अधिक गहराई के कारण वह भी पानी में समा गया।
एक को बचाने गया दूसरा भाई भी डूबा
स्थानीय लोगों के अनुसार हादसा उस समय हुआ जब श्रद्धालु दीवान घाट पर स्नान कर रहे थे। अचानक एक युवक का संतुलन बिगड़ गया और वह गहरे पानी में चला गया। आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले दूसरा भाई उसे बचाने के लिए नदी में उतर गया। दोनों को डूबता देख घाट पर मौजूद लोगों ने शोर मचाया और तुरंत पुलिस को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही विंध्याचल पुलिस मौके पर पहुंची।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
इस हादसे के बाद दीवान घाट की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि घाट पर गहरे पानी को लेकर कोई चेतावनी बोर्ड नहीं लगाया गया है। बाहरी जिलों से आने वाले श्रद्धालु गहराई का सही अंदाजा नहीं लगा पाते, जिससे हादसों का खतरा बढ़ जाता है। लोगों का आरोप है कि घाट पर SDRF की टीम मौजूद होने के बावजूद लाउडस्पीकर या ध्वनि यंत्रों के जरिए श्रद्धालुओं को सतर्क नहीं किया जाता। कई बार पहले भी ऐसे हादसे हो चुके हैं, लेकिन सुरक्षा इंतजामों में कोई बड़ा सुधार नहीं दिखा।
विंध्याचल में श्रद्धालुओं की भारी भीड़
मां विंध्यवासिनी धाम में हर दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन करने पहुंचते हैं। खासतौर पर छुट्टियों और धार्मिक अवसरों पर घाटों पर भीड़ काफी बढ़ जाती है। ऐसे में सुरक्षा इंतजामों को लेकर प्रशासन की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और SDRF टीम दोनों भाइयों की तलाश में जुटी हुई है।
रिपोर्ट – संतोष देव गिरी
यह भी पढ़ें: कानपुर में KDA का बड़ा एक्शन, नए वीसी अंकुर कौशिक के निर्देश पर अवैध निर्माणों पर चला बुलडोजर



