उन्नाव गौशाला में मृत गौवंश मिलने के बाद बड़ा एक्शन, NGO पर FIR दर्ज, ठेका समाप्त

उन्नाव की वृहद गौशाला में 12 से अधिक मृत गौवंश मिलने के बाद डीएम घनश्याम मीना के निर्देश पर एनजीओ के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम में एफआईआर दर्ज हुई। संस्था का ठेका समाप्त कर संचालन ग्राम प्रधान को सौंपा गया।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: सदर तहसील क्षेत्र के थाना गांव स्थित वृहद गौशाला में मृत गौवंश मिलने और उससे जुड़े वीडियो वायरल होने के बाद जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी घनश्याम मीना के निर्देश पर गौशाला का संचालन कर रही संस्था के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज कराई गई है। साथ ही संबंधित एनजीओ की सेवाएं समाप्त कर गौशाला के संचालन की जिम्मेदारी ग्राम प्रधान को सौंपने का निर्णय लिया गया है।

वायरल वीडियो के बाद हरकत में आया प्रशासन

29 जुलाई को गौशाला में 12 से अधिक गौवंश मृत मिलने की सूचना सामने आई थी। इसके अलावा सोशल मीडिया पर ऐसे वीडियो भी वायरल हुए, जिनमें मृत पशुओं के शवों को कुत्तों द्वारा नोचते हुए देखा गया। मामला सामने आने के बाद प्रशासन ने तत्काल जांच के आदेश दिए।

निरीक्षण रिपोर्ट के आधार पर दर्ज हुई FIR

मुख्य पशु चिकित्साधिकारी (CVO) डॉ. विनोद कुमार ने मौके का निरीक्षण कर अपनी रिपोर्ट तैयार की। रिपोर्ट के आधार पर जिलाधिकारी के निर्देश पर डिप्टी सीवीओ ने माखी थाने में लखनऊ की संस्था पूजा श्रम सहकारी एवं निर्माण समिति के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज कराई।

गौशाला संचालन में किया गया बदलाव

प्रशासन ने संबंधित एनजीओ का अनुबंध समाप्त कर दिया है। अधिकारियों के अनुसार अब गौशाला के संचालन की जिम्मेदारी ग्राम प्रधान को सौंपी जाएगी। जिला प्रशासन का कहना है कि पशुओं की देखभाल में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जांच के आधार पर आगे भी आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्ट – रंजन बाजपाई, उन्नाव

यह भी पढ़ें: 10 वर्षीय बच्ची हत्याकांड में एसएसपी का बड़ा एक्शन, कोतवाल लाइन हाजिर, चौकी प्रभारी निलंबित

Related Articles

Back to top button