10 वर्षीय बच्ची हत्याकांड में एसएसपी का बड़ा एक्शन, कोतवाल लाइन हाजिर, चौकी प्रभारी निलंबित

गोरखपुर में 10 वर्षीय बच्ची हत्याकांड के बाद एसएसपी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कोतवाल को लाइन हाजिर और चौकी प्रभारी को निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए। पुलिस ने लापरवाही पर सख्त रुख अपनाया है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: जिला अस्पताल के पास 10 वर्षीय बच्ची की हत्या के चर्चित मामले में गोरखपुर पुलिस ने बड़ी विभागीय कार्रवाई की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉ. कौस्तुभ ने मामले में पुलिस की कार्यप्रणाली की समीक्षा के बाद कोतवाली प्रभारी निरीक्षक छत्रपाल सिंह को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया है। वहीं नगर निगम चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक दीपशिखा को निलंबित करते हुए उनके खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं।

आधिकारिक प्रेस नोट के बाद हुई कार्रवाई

एसएसपी कार्यालय की ओर से जारी प्रेस नोट के अनुसार, चौकी प्रभारी दीपशिखा अपने कर्तव्यों के निर्वहन में घोर उदासीनता, लापरवाही और स्वेच्छाचारिता की दोषी प्रथम दृष्टया पाई गईं। इसी आधार पर उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय जांच शुरू की गई है। साथ ही कोतवाली प्रभारी छत्रपाल सिंह को भी लाइन हाजिर कर दिया गया।

चर्चित हत्याकांड के बाद पुलिस की कार्यशैली पर उठे सवाल

बताया जा रहा है कि आरोपी सिपाही अभिषेक यादव की गिरफ्तारी के बाद पूरे घटनाक्रम में पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठे थे। मामले की समीक्षा के दौरान जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका का परीक्षण किया गया, जिसके बाद यह प्रशासनिक कार्रवाई की गई। मामले की विभागीय जांच अभी जारी है।

लापरवाही पर सख्त रुख, आगे भी होगी कार्रवाई

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि संवेदनशील मामलों में किसी भी स्तर की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। विभागीय जांच में जो भी अधिकारी या कर्मचारी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई का उद्देश्य जवाबदेही सुनिश्चित करना और कानून-व्यवस्था के प्रति जनता का विश्वास बनाए रखना है।

रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर

यह भी पढ़ें: गोरखपुर में दागी पुलिसकर्मियों पर बड़ा एक्शन! SSP ने मांगा पूरा सर्विस रिकॉर्ड

Related Articles

Back to top button