AC कोच में परिवार बनकर सफर, फिर उड़ाते थे लाखों का सामान… GRP ने दबोचे चार शातिर

मिर्जापुर जीआरपी ने ट्रेनों में चोरी करने वाले हरियाणा के कथित सांसी गैंग के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से चोरी के मोबाइल, नकदी और आभूषण बरामद हुए। कई रेलवे थानों में पहले से मुकदमे दर्ज हैं।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: ट्रेनों में यात्रियों से दोस्ती और मदद के बहाने चोरी करने वाले एक शातिर गिरोह का मिर्जापुर जीआरपी ने पर्दाफाश किया है। रेलवे पुलिस ने हरियाणा के कथित ‘सांसी गैंग’ से जुड़े चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी के मोबाइल, नकदी और आभूषण बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ उत्तर प्रदेश के कई रेलवे थानों में पहले से मुकदमे दर्ज हैं।

राजगीर जनता एक्सप्रेस से दबोचे गए चार आरोपी

जीआरपी प्रभारी राजेश कुमार वर्मा ने बताया कि प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर संदिग्ध व्यक्तियों की जांच के दौरान मुखबिर की सूचना पर ट्रेन संख्या 13202 राजगीर जनता एक्सप्रेस के बी-2 कोच से चार संदिग्धों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ और तलाशी में उनके पास से पांच चोरी के मोबाइल फोन, ₹4,900 नकद, दो अंगूठियां और तीन पायल बरामद हुईं। गिरफ्तार आरोपी हरियाणा के रोहतक जिले के निवासी बताए गए हैं।

मदद के बहाने चुराते थे यात्रियों का सामान

पुलिस के अनुसार, यह गिरोह ट्रेनों में यात्रियों से घुल-मिलकर पहले उनका विश्वास जीतता था। ट्रेन रुकने पर सामान उतारने में मदद करने के दौरान बैग और ट्रॉली की अदला-बदली कर देता था। जांच में यह भी सामने आया कि गिरोह के सदस्य सीट के नीचे छिपकर बैग खोलने और कीमती सामान निकालने जैसी वारदातों को अंजाम देते थे। पुलिस ने बताया कि गैंग का एक सदस्य ‘मशीन’ कहलाता है, जो चोरी की तकनीक में माहिर होता है।

कई रेलवे थानों में पहले से दर्ज हैं मुकदमे

जीआरपी के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ मिर्जापुर, प्रयागराज, वाराणसी, मानिकपुर, चारबाग लखनऊ और फतेहपुर सहित कई रेलवे थानों में चोरी और अन्य मामलों के मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक नेटवर्क और अन्य साथियों की भी जांच कर रही है। साथ ही यात्रियों से सफर के दौरान अपने सामान पर लगातार नजर रखने और अनजान लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है।

रिपोर्ट – संतोष देव गिरी, मिर्ज़ापुर

यह भी पढ़ें: कांवड़ यात्रा 2026 से पहले बड़ा एक्शन प्लान, ADG रमित शर्मा ने अधिकारियों को किया अलर्ट

Related Articles

Back to top button