लखनऊ के सामने आरसीबी के बल्लेबाजों की बड़ी चुनौती

- दोनों टीमों के बीच मुकाबला आज, एलसजी को शमी से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
बंगलूरू। आईपीएल 2026 में आज गत चैंपियन आरसीबी का सामना लखनऊ सुपर जाएंट्स से होगा। आरसीबी अभी छह अंकों के साथ तालिका में तीसरे स्थान पर हैं। लेकिन सच्चाई यह है कि आईपीएल के इस सत्र में आरसीबी के बल्लेबाजों ने गेंदबाजों के मन में जितना खौफ पैदा किया है, उतना कोई अन्य टीम नहीं कर पाई है। आरसीबी के बल्लेबाजों ने अभी तक एकजुट होकर प्रदर्शन किया है और सभी ने महत्वपूर्ण योगदान दिया है। यह उसके शीर्ष पांच बल्लेबाजों के स्ट्राइक रेट में साफ झलकता है।
आईपीएल में सभी टीमों के गेंदबाजों के सामने कड़ी चुनौती पेश की है। वहीं, उसकी गेंदबाजी भी ठीक है। टीम ने पिछले मैच में जोश हेजलवुड को प्लेइंग-11 से बाहर रखा था और माना जा रहा है कि वह लखनऊ के खिलाफ भी नहीं खेलेंगे। वहीं आरसीबी अपने घरेलू मैदान पर अगले तीन मैच में भी परिस्थितियों का पूरा फायदा उठाना चाहेगा। लेकिन क्या चिन्नास्वामी स्टेडियम में सुपर जायंट्स के गेंदबाजी आक्रमण से उन्हें किसी तरह की चुनौती का सामना करना पड़ेगा। एलएसजी की तरफ से अनुभवी भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद है, उनके साथी प्रिंस यादव और दिग्वेश राठी ने भी अब तक प्रभावशाली प्रदर्शन किया है। गेंदबाजों के अच्छे प्रदर्शन के बावजूद एलएसजी तालिका में सातवें स्थान पर है और इसका मुख्य कारण उसके बल्लेबाजों का निराशाजनक प्रदर्शन है। ऋ षभ पंत की अगुआई वाला बल्लेबाजी क्रम अभी तक लय में नहीं आया है। स्वयं कप्तान पंत चार मैचों में 130 के स्ट्राइक रेट से 103 रन ही बना पाए हैं।
केकेआर का अब तक चार मैचों में नहीं खुला जीत का खाता
चेन्नई। नूर अहमद की अगुआई में गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के दम पर सीएसके ने केकेआर को 32 रनों से हरा दिया। सीएसके ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में पांच विकेट पर 192 रन बनाए। जवाब में केकेआर की टीम 20 ओवर में सात विकेट पर 160 रन ही बना सकी। कोलकाता की टीम आईपीएल में अब तक एक भी मैच नहीं जीत सकी है, जबकि सीएसके की यह लगातार दूसरी जीत है। लक्ष्य का पीछा करने उतरी केकेआर ने इस मैच में ओपनिंग जोड़ी में बदलाव किया। केकेआर के लिए पारी की शुरुआत करने फिन एलेन के साथ सुनील नरेन आए। हालांकि, उसका यह प्रयोग भी काम नहीं आया क्योंकि एलेन सस्ते में आउट हो गए। केकेआर की बल्लेबाजी इतनी खराब रही कि उसने छह विकेट 90 रन पर ही गंवा दिए। नूर अहमद ने लगातार दो गेंदो पर केकेआर को दो झटके दिए। हालांकि, हैट्रिक पूरी नहीं कर सके। इसके बाद रमनदीप और रोवमैन पॉवेल ने सातवें विकेट के लिए 63 रनों की साझेदारी की, लेकिन टीम के हाथ से मैच तब तक पूरी तरह निकल चुका था।



