दिल्ली पुलिस महासंघ की बड़ी पहल, जंतर-मंतर पर धरने के लिए मांगी मंजूरी
20 जुलाई को चलो संसद मार्च के दौरान सुरक्षाकर्मियों ने संसद की ओर बढ़ने की कोशिश कर रही प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठियों और आंसू गैस के गोलों का इस्तेमाल किया. इससे दोनों ओर से लोग घायल हुए थे.

4पीएम न्यूज नेटवर्क: 20 जुलाई को चलो संसद मार्च के दौरान सुरक्षाकर्मियों ने संसद की ओर बढ़ने की कोशिश कर रही प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठियों और आंसू गैस के गोलों का इस्तेमाल किया. इससे दोनों ओर से लोग घायल हुए थे.
पेपर लीक मामले और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर पिछले दिनों प्रदर्शन के दौरान पुलिस की ओर से प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज का मामला लगातार गरमाया हुआ है. विपक्षी दल छात्रों पर लाठीचार्ज, पैलेट गन और बर्बरतापूर्ण कार्रवाई पर एक्शन लेने की मांग कर रहा है. तो वहीं अब पुलिस भी जवाबी मूड में आ गई है और एक दिन के लिए धरना करने की अनुमति मांगी है. प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारियों के हमले में बड़ी संख्या में पुलिस और अर्द्धसैनिक सुरक्षा बलों के लोग घायल हुए हैं.
दिल्ली पुलिस महासंघ ने कल सोमवार को पुलिस कमिश्नर को पत्र भेजकर 31 जुलाई को जंतर-मंतर पर एक दिन के लिए शांतिपूर्ण धरना करने की अनुमति मांगी है. महासंघ ने अपने पत्र में सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक धरना आयोजित करने की अनुमति देने का अनुरोध किया है.
31 को अहिंसक तरीके से होगा धरना
साथ ही पत्र में यह भी कहा गया है कि पिछले हफ्ते 20 जुलाई को जंतर-मंतर और उसके आसपास ड्यूटी के दौरान बड़ी संख्या में दिल्ली पुलिस और अर्द्धसैनिक बलों के अधिकारी एवं जवान गंभीर और सामान्य रूप से घायल हो गए. महासंघ ने बताया कि यह धरना रिटायर दिल्ली पुलिसकर्मियों और कानून का पालन करने वाले नागरिकों की ओर से प्रस्तावित है. इसे पूरी तरह शांतिपूर्ण और अहिंसक तरीके से आयोजित किया जाएगा.



