बांदा में करंट से पिता-पुत्र की दर्दनाक मौत, मैरिज हॉल में मचा हड़कंप
बांदा के सिटी गार्डन मैरिज हॉल में करंट लगने से पिता और पुत्र की दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया और मृतक की पत्नी की तबीयत भी बिगड़ गई।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। शहर के सिटी गार्डन मैरिज हॉल में देर रात करंट लगने से पिता और पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मैरिज हॉल परिसर में अफरा-तफरी मच गई, जबकि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई।
गार्ड की ड्यूटी के दौरान हुआ हादसा
पुलिस के अनुसार, दोनों मृतक गिरवां थाना क्षेत्र के प्रेमपुर गांव के रहने वाले थे। मृतक पिता सिटी गार्डन मैरिज हॉल में गार्ड के रूप में कार्यरत थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि किसी कारणवश पिता और पुत्र दोनों करंट की चपेट में आ गए। बिजली का झटका इतना तेज था कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजनों में चीख-पुकार मच गई। पति और बेटे की एक साथ मौत की खबर सुनकर मृतक की पत्नी की तबीयत बिगड़ गई। उन्हें तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। गांव और आसपास के क्षेत्र में भी घटना के बाद शोक का माहौल है।
पोस्टमार्टम के बाद होगी आगे की कार्रवाई
शहर कोतवाली पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सहायक पुलिस अधीक्षक मेविस टाक के अनुसार, घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। करंट लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट – इक़बाल खान, बांदा
यह भी पढ़ें: वाराणसी रेलवे मंडल में CBI की एंट्री से मचा हड़कंप, SrDMM कार्यालय में घंटों चली पूछताछ



