पीलीभीत में पुलिस का बड़ा एक्शन, 20 दिन बाद इनामी अपराधी का हुआ एनकाउंटर

उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिलें में कपड़ा व्यापारी पप्पू गुप्ता हत्याकांड में फरार चल रहे एक लाख रुपये के इनामी कुख्यात शूटर शिवम उर्फ सरबजीत को पीलीभीत पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिलें में कपड़ा व्यापारी पप्पू गुप्ता हत्याकांड में फरार चल रहे एक लाख रुपये के इनामी कुख्यात शूटर शिवम उर्फ सरबजीत को पीलीभीत पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया।

पुलिस के अनुसार आरोपी पर हत्या समेत कई गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज थे और वह लंबे समय से फरार चल रहा था। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक यह कार्रवाई पुलिस उपमहानिरीक्षक (DIG) अजय साहनी के नेतृत्व में चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। आरोपी की तलाश में पिछले करीब 20 दिनों से पुलिस की कई टीमें सक्रिय थीं।

20 हजार रुपये की सुपारी लेकर व्यापारी की हत्या का आरोप

पुलिस के अनुसार पिछले महीने कपड़ा व्यापारी पप्पू गुप्ता की दिनदहाड़े हत्या कर दी गई थी। जांच में सामने आया कि हत्या पारिवारिक रंजिश के चलते कराई गई थी और इस वारदात को अंजाम देने के लिए शूटर शिवम उर्फ सरबजीत को कथित तौर पर 20 हजार रुपये की सुपारी दी गई थी। घटना के बाद से आरोपी फरार चल रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए एडीजी जोन बरेली रमित शर्मा की ओर से आरोपी शिवम उर्फ सरबजीत की गिरफ्तारी के लिए एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

बिलसंडा क्षेत्र में पुलिस ने घेरा, आरोपी ने की फायरिंग

पुलिस के मुताबिक देर रात मुखबिर से सूचना मिली कि इनामी शूटर शिवम उर्फ सरबजीत बिलसंडा थाना क्षेत्र में मौजूद है। सूचना मिलते ही DIG अजय साहनी और पुलिस अधीक्षक पीलीभीत के निर्देश पर एसओजी समेत पुलिस की पांच टीमें मौके पर पहुंचीं। पुलिस का दावा है कि खुद को घिरा देखकर आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी मोर्चा संभाला, जिसमें आरोपी गंभीर रूप से घायल हो गया। बाद में उसकी मौत हो गई।

मुठभेड़ में दो पुलिसकर्मी घायल

इस कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम के दो जवान भी घायल हुए हैं। इनमें एसओजी प्रभारी उमेश त्यागी और कांस्टेबल हरेंद्र शामिल हैं। दोनों पुलिसकर्मियों का इलाज कराया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान सुरक्षा के सभी आवश्यक कदम उठाए गए और घायल पुलिसकर्मियों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई।

मौके से बरामद हुए हथियार और कारतूस

पुलिस के अनुसार मुठभेड़ के बाद मृतक आरोपी के पास से हथियार बरामद किए गए हैं। बरामद सामान में शामिल हैं-एक सेमी ऑटोमेटिक पिस्टल,एक तमंचा,भारी मात्रा में कारतूस। पुलिस का कहना है कि बरामद हथियारों की फोरेंसिक जांच कराई जाएगी। जांच के बाद यह स्पष्ट किया जाएगा कि कपड़ा व्यापारी पप्पू गुप्ता हत्याकांड में इन्हीं हथियारों का इस्तेमाल हुआ था या नहीं।

आरोपी पर दर्ज थे 12 आपराधिक मुकदमे

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार शिवम उर्फ सरबजीत पर हत्या, लूट और गैंगस्टर एक्ट समेत कुल 12 मुकदमे दर्ज थे। पुलिस उसे क्षेत्र का कुख्यात अपराधी बता रही है। अधिकारियों के अनुसार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही थी और उसकी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी।

DIG अजय साहनी ने कहा- अपराधियों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा DIG अजय साहनी ने बताया कि एडीजी जोन बरेली रमित शर्मा के निर्देश और पीलीभीत पुलिस की टीमों के संयुक्त प्रयास से यह कार्रवाई सफल हुई है। उन्होंने कहा कि अपराधियों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा और जिले में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

20 दिन की तलाश के बाद पुलिस को मिली सफलता

शिवम उर्फ सरबजीत की तलाश में पुलिस की कई टीमें लगातार काम कर रही थीं। करीब 20 दिन तक चले ऑपरेशन के बाद पुलिस को यह सफलता मिली। फिलहाल पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है। साथ ही मुठभेड़ और बरामद हथियारों से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

रिपोर्ट- सुनील सक्सेना, बरेली

Related Articles

Back to top button