मिर्जापुर स्टेशन पर सुरक्षा दावों की खुली पोल? प्लेटफार्म पर शव मिलने से मचा हड़कंप

उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल अंतर्गत दिल्ली-हावड़ा रेल मार्ग पर स्थित मिर्जापुर रेलवे स्टेशन पर रविवार को उस समय हड़कंप मच गया,

4पीएम न्यूज नेटवर्क: उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल अंतर्गत दिल्ली-हावड़ा रेल मार्ग पर स्थित मिर्जापुर रेलवे स्टेशन पर रविवार को उस समय हड़कंप मच गया,

जब प्लेटफार्म नंबर एक पर संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवक का शव बरामद हुआ। स्टेशन परिसर में युवक का शव मिलने की सूचना मिलते ही यात्रियों और रेलवे कर्मचारियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

बताया जा रहा है कि युवक का शव प्लेटफार्म नंबर एक पर बनी दीवार के पास मोटे केबल के बंडल के नीचे पड़ा हुआ था। काफी देर तक शव वहीं पड़ा रहा, जिसके बाद मामले की जानकारी रेलवे पुलिस को हुई। सूचना मिलने के बाद जीआरपी और अन्य सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंचीं और जांच-पड़ताल शुरू की।

रात से पड़ा था शव, सुबह मिली पुलिस को जानकारी

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवक का शव रात से ही स्टेशन परिसर में पड़ा हुआ था। सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि रेलवे स्टेशन जैसे संवेदनशील स्थान पर शव पड़े होने की जानकारी सुरक्षा व्यवस्था में तैनात पुलिसकर्मियों को समय रहते क्यों नहीं हो सकी। रेलवे स्टेशन पर जीआरपी और आरपीएफ की 24 घंटे निगरानी और गश्त का दावा किया जाता है, लेकिन इसके बावजूद प्लेटफार्म पर शव मिलने की सूचना सुबह होने से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

शव की नहीं हो सकी पहचान

घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं युवक की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस आसपास के लोगों, यात्रियों और रेलवे कर्मचारियों से पूछताछ कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि युवक स्टेशन परिसर तक कैसे पहुंचा और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई।

मौत के कारणों की जांच जारी

फिलहाल युवक की मौत हादसा है, आत्महत्या है या फिर किसी अन्य कारण से हुई है, यह स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगालने की तैयारी की जा रही है, ताकि युवक के स्टेशन पहुंचने और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का पता लगाया जा सके।

रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

मीरजापुर रेलवे स्टेशन दिल्ली-हावड़ा जैसे व्यस्त रेल मार्ग पर स्थित महत्वपूर्ण स्टेशन है। ऐसे में प्लेटफार्म पर लंबे समय तक शव पड़े रहने की घटना रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही है।

यात्रियों का कहना है कि स्टेशन परिसर में लगातार निगरानी और गश्त होने के बावजूद ऐसी घटना सामने आना चिंता का विषय है। अब पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि युवक की मौत के पीछे वास्तविक कारण क्या था और शव स्टेशन परिसर में कितनी देर से पड़ा हुआ था।

रिपोर्ट-संतोष देव गिरि, मिर्जापुर

Related Articles

Back to top button