कांवड़ यात्रा से पहले बदायूं में बड़ा सुरक्षा प्लान, डीएम-एसएसपी ने कछला घाट पर परखी तैयारियां
बदायूं में कांवड़ यात्रा को लेकर डीएम अवनीश राय और एसएसपी अंकिता शर्मा ने कछला घाट व यात्रा मार्ग का निरीक्षण किया। सुरक्षा, यातायात और श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर निर्देश दिए।

4पीएम न्यूज नेटवर्कः श्रावण मास में कांवड़ यात्रा को लेकर बदायूं प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार को जिलाधिकारी अवनीश राय और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने कछला गंगा घाट और कांवड़ यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात और मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था परखते हुए संबंधित विभागों को जरूरी निर्देश दिए।
कछला घाट पर सुरक्षा से लेकर सफाई तक की जांच
डीएम और एसएसपी ने कछला गंगा घाट पर श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और बैरिकेडिंग का जायजा लिया। घाट की सुरक्षा व्यवस्था को भी देखा गया।
अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी करने और कमी सामने आने पर तत्काल सुधार कराने को कहा गया।
भीड़ के मद्देनजर यातायात और रूट डायवर्जन की समीक्षा
कांवड़ यात्रा के दौरान संभावित भीड़ को देखते हुए पार्किंग, रूट डायवर्जन, बैरियर, भीड़ नियंत्रण और वैकल्पिक मार्गों की भी समीक्षा की गई। प्रशासन का जोर इस बात पर है कि कांवड़ियों के साथ आम लोगों को भी आवागमन में परेशानी न हो।
एसएसपी अंकिता शर्मा ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रमुख चौराहों, संवेदनशील स्थानों तथा यात्रा मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के निर्देश दिए। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्कता और संवेदनशीलता के साथ श्रद्धालुओं की सहायता करने को कहा गया।
आपात स्थिति से निपटने के लिए विभागों में समन्वय
डीएम और एसएसपी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके। पुलिस बल को लगातार भ्रमणशील रहकर सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखने को कहा गया।
अधिकारियों ने कहा कि कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुगम और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। निरीक्षण के दौरान उझानी प्रभारी निरीक्षक प्रवीन कुमार, कछला चौकी प्रभारी अविनाश पुंडीर समेत अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
रिपोर्ट: संतुलित पाठक, बदायूं
यह भी पढ़ें: मजदूर की बेटी लक्ष्मी और किसान के बेटे शुभम का कमाल, अब गुजरात में करेंगे यूपी का नाम रोशन



