मजदूर की बेटी लक्ष्मी और किसान के बेटे शुभम का कमाल, अब गुजरात में करेंगे यूपी का नाम रोशन

मिर्जापुर की छात्रा लक्ष्मी और छात्र शुभम का चयन गुजरात के वडनगर में होने वाले प्रेरणा उत्सव के लिए हुआ है। दोनों 23 से 29 अगस्त तक कार्यक्रम में शामिल होंगे।

4पीएम न्यूज नेटवर्कः  मिर्जापुर के दो होनहार विद्यार्थियों के लिए यह सिर्फ एक शैक्षणिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि सपनों को नई उड़ान देने वाला मौका है। जिले की छात्रा लक्ष्मी और छात्र शुभम का चयन गुजरात के वडनगर में होने वाले प्रेरणा उत्सव के लिए हुआ है। दोनों 23 से 29 अगस्त तक आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लेकर उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे।

पीएम के गृह नगर वडनगर जाएंगे लक्ष्मी और शुभम

मड़िहान तहसील के पीएम श्री स्कूल ककरद की छात्रा कुमारी लक्ष्मी और लालगंज तहसील के राजकीय हाईस्कूल दुबारकलां के छात्र शुभम का चयन प्रेरणा उत्सव के लिए हुआ है। दोनों 21 अगस्त को प्रयागराज रेलवे स्टेशन से अहमदाबाद के लिए रवाना होंगे।

भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय की ओर से आयोजित कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गृह नगर वडनगर में होगा। चयन के बाद दोनों विद्यार्थियों के स्कूलों में भी खुशी का माहौल है।

मजदूर की बेटी लक्ष्मी की सफलता ने परिवार को भावुक किया

पीएम श्री स्कूल ककरद के प्रधानाध्यापक राजेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि जवाहर नवोदय विद्यालय पटेहरा कला की चयन सूची में लक्ष्मी का नाम शामिल है। ककरद गांव की रहने वाली लक्ष्मी आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से आती हैं। उनके पिता मुखलाल मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं।

दो भाई-बहन में सबसे बड़ी लक्ष्मी की इस उपलब्धि पर मां बबीता सरोज की आंखों में खुशी के आंसू छलक पड़े। परिवार के लिए बेटी का चयन किसी बड़ी उपलब्धि से कम नहीं है।

किसान के बेटे शुभम का भी हुआ चयन

राजकीय हाईस्कूल दुबारकलां के प्रधानाध्यापक विमल चंद यादव ने बताया कि छात्र शुभम किसान सुरेंद्र कुमार के बेटे हैं। उनके चयन से विद्यालय और परिवार में उत्साह है।

कार्यक्रम के लिए रंजना मौर्या, सहायक अध्यापिका, पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय ककरद, जवाहर नवोदय विद्यालय पटेहरा कलां को महिला मार्ग अनुरक्षक बनाया गया है। शिक्षकों ने दोनों विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

रिपोर्ट – संतोष देव गिरी, मिर्ज़ापुर

यह भी पढ़ें: फल की रेहड़ी छोड़कर खाना खाने निकला था युवक, रास्ते में दर्दनाक हादसे ने ली जान

Related Articles

Back to top button