कानपुर पुलिस की बड़ी कामयाबी,12 साल से फरार कुख्यात अपराधी सद्दाम गिरफ्तार
उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में कानपुर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। डीसीपी सेंट्रल की स्वाट टीम और क्राइम ब्रांच ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 12 वर्षों से फरार चल रहे कुख्यात अपराधी सद्दाम को गिरफ्तार कर लिया है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में कानपुर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। डीसीपी सेंट्रल की स्वाट टीम और क्राइम ब्रांच ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 12 वर्षों से फरार चल रहे कुख्यात अपराधी सद्दाम को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी सद्दाम लंबे समय से फरार चल रहा था और अपनी पहचान छिपाने के लिए अलग-अलग जगहों पर नाम बदलकर रह रहा था। वह महराजगंज, सोनौली और नेपाल में ठिकाना बदल-बदलकर रहता था। फरारी के दौरान वह मेलों में दुकान लगाकर अपना जीवन यापन कर रहा था।
सर्विलांस की मदद से पुलिस ने उसे कानपुर के काकादेव थाना क्षेत्र स्थित छपेड़ा पुलिया के पास से गिरफ्तार किया। आरोपी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
बताया जा रहा है कि सद्दाम ने वर्ष 2012 में तीन बड़ी लूट की घटनाओं को अंजाम दिया था। इसके बाद वर्ष 2014 में उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई थी, जिसके बाद से वह लगातार फरार चल रहा था।
पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है और उसके आपराधिक नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच में जुटी है।
रिपोर्ट – प्रांजुल मिश्रा, कानपुर



