शिक्षक वोटरों को साधने मैदान में उतरी भाजपा, सम्मेलन में गिनाईं सरकार की उपलब्धियां

बरेली में एमएलसी चुनाव को लेकर भाजपा ने शिक्षक सम्मेलन आयोजित कर शिक्षक समाज से संवाद किया। कार्यक्रम में शिक्षा नीति, शिक्षकों की समस्याओं और भाजपा समर्थित प्रत्याशी के समर्थन को लेकर चर्चा की गई।

4पीएम न्यूज नेटवर्कः बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के आगामी एमएलसी चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने शनिवार को बरेली के आईएमए सभागार में माध्यमिक प्रबंधक-शिक्षक सम्मेलन आयोजित किया। सम्मेलन में बड़ी संख्या में विद्यालय प्रबंधकों, शिक्षकों, शिक्षा जगत से जुड़े प्रतिनिधियों और भाजपा पदाधिकारियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य शिक्षक समाज से संवाद स्थापित करना और आगामी चुनाव के लिए समर्थन प्राप्त करना रहा।

शिक्षकों की भूमिका और शिक्षा नीति पर हुई चर्चा

सम्मेलन को संबोधित करते हुए भाजपा नेताओं ने कहा कि शिक्षक समाज राष्ट्र निर्माण की मजबूत आधारशिला है। वक्ताओं ने केंद्र और प्रदेश सरकार की शिक्षा क्षेत्र से जुड़ी योजनाओं, नई शिक्षा नीति और शिक्षकों के हित में किए गए कार्यों का उल्लेख करते हुए शिक्षक मतदाताओं से भाजपा समर्थित प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करने की अपील की।

यह भी पढ़ें: घुमाने के बहाने ले गया, फिर कर दी हत्या… सीतापुर केस में चौंकाने वाला खुलासा

शिक्षकों की समस्याओं और सुझावों पर हुआ संवाद

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय संचालन, शिक्षा व्यवस्था और शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं पर भी चर्चा की गई। सम्मेलन में मौजूद शिक्षकों और विद्यालय प्रबंधकों ने अपने सुझाव साझा किए। भाजपा नेताओं ने भरोसा दिलाया कि शिक्षकों से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के आधार पर उठाया जाएगा और उनके समाधान के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।

कई वरिष्ठ नेता रहे मौजूद

सम्मेलन में प्रदेश के पशुपालन मंत्री धर्मपाल सिंह, वन एवं पर्यावरण मंत्री डॉ. अरुण कुमार, एमएलसी कुंवर महाराज सिंह, एमएलसी बहोरन लाल मौर्य, जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, मेयर डॉ. उमेश गौतम सहित कई जनप्रतिनिधि और पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में शिक्षकों से चुनाव में सक्रिय भागीदारी और अधिक से अधिक मतदाताओं तक पार्टी की नीतियां पहुंचाने का आह्वान किया गया।

रिपोर्ट – सुनील सक्सेना, बरेली

यह भी पढ़ें: बांदा में खूनी संघर्ष! कुल्हाड़ी-लाठी से हमला, तीन लोगों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा

Related Articles

Back to top button