टेंडरों की जानकारी छिपा रही भाजपा सरकार: भारद्वाज

  • सत्येंद्र जैन की गिरफ्तारी पर आप का सवाल

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली। दिल्ली जल बोर्ड के सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) टेंडर मामले में पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन की गिरफ्तारी के बीच आप ने जल बोर्ड की कार्यप्रणाली को लेकर दिल्ली सरकार पर सवाल उठाए हैं। आप के प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने आरोप लगाया कि प्रवेश वर्मा के दिल्ली जल बोर्ड का अध्यक्ष बनने के बाद से बोर्ड बैठकों के मिनट्स में टेंडरों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी सार्वजनिक नहीं की जा रही है। भारद्वाज ने एक पोस्ट के जरिये मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और उपराज्यपाल से मामले पर ध्यान देने की मांग की।
उन्होंने कहा कि पहले जल बोर्ड की बैठकों के मिनट्स में टेंडर लेने वाली कंपनी या ठेकेदार का नाम और एल-1 कीमत स्पष्ट रूप से दर्ज की जाती थी। इससे करदाताओं और मीडिया को सार्वजनिक धन के इस्तेमाल की निगरानी में मदद मिलती थी। उन्होंने कहा कि अगस्त 25 के बाद से इन जानकारियों को मिनट्स से हटा दिया गया है। अब करोड़ों के टेंडर और अनुबंधों के महत्वपूर्ण विवरण सार्वजनिक नहीं किए जा रहे हैं। उनके मुताबिक, मौजूदा मिनट्स में केवल सामान्य बजट अनुमान और आंतरिक विभागीय कोड या प्रस्ताव संख्या जैसी सूचनाएं दिखाई देती हैं।

Related Articles

Back to top button