भारत ने अपने 600वें टेस्ट में श्रीलंका को 165 रन से हराया

  • मानव ने मैच में लिए 10 विकेट, मैच में 211 रन बनाने वाले पडिक्कल बने प्लेयर ऑफ द मैच

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
गॉल। भारत ने गॉल में खेले गए पहले टेस्ट में 165 रन से जीत हासिल की है। यह भारत का 600वां टेस्ट था और शुभमन गिल की टीम ने इसमें जीत हासिल की। जीत के लिए मिले 372 रन के लक्ष्य के जवाब में श्रीलंका की दूसरी पारी 206 रन पर सिमट गई। मानव सुथार ने छह विकेट लिए। इस जीत के साथ टीम इंडिया दो मैचों की टेस्ट सीरीज में 1-0 से आगे हो गई है। सीरीज का दूसरा टेस्ट 23 अगस्त से कोलंबो में खेला जाएगा। भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए अपनी पहली पारी में 462 रन बनाए थे। जवाब में श्रीलंका की पहली पारी 284 रन पर सिमट गई थी। टीम इंडिया को दूसरी पारी में 178 रन की बढ़त हासिल थी। भारत ने अपनी दूसरी पारी में 193 रन बनाए और कुल 371 रन की बढ़त हासिल की और इस तरह श्रीलंका को 372 रन का लक्ष्य मिला था।
मानव ने मैच में कुल 10 विकेट लिए। पहली पारी में उन्होंने चार विकेट झटके थे। मानव ने इससे पहले अफगानिस्तान के खिलाफ जून में हुए टेस्ट में पहली पारी में 33 रन देकर छह विकेट झटके थे। हालांकि, गॉल में उनके शानदार प्रदर्शन के बावजूद देवदत्त पडिक्कल को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। पडिक्कल ने गॉल में पहली पारी में 167 रन बनाए और दूसरी पारी में 44 रन बनाए थे। कुल 211 रन बनाए। गॉल में दोनों टीमें टेस्ट में छह बार आमने-सामने आई हैं। इसमें से सभी छह मैचों के जीत या हार में नतीजे निकले हैं, यानी कोई टेस्ट ड्रॉ नहीं हुआ। भारत और श्रीलंका के बीच यहां छह टेस्ट खेले गए और भारत ने तीन मैच जीते हैं और तीन गंवाए हैं। भारतीय टीम गॉल में इस टेस्ट से पहले श्रीलंका से पिछली बार जुलाई 2017 में भिड़ी थी। तब टीम इंडिया ने 304 रन से जीत हासिल की थी। यानी गॉल में भारत ने लगातार दूसरा टेस्ट जीता। 2014 के बाद से गॉल में खेले गए 28 टेस्ट मैचों में केवल एक ही मुकाबला ड्रॉ पर खत्म हुआ है, वह भी पिछले साल बांग्लादेश के खिलाफ खेला गया बारिश से प्रभावित टेस्ट था।

कम टेस्ट मैचों में 10 विकेट लेने वाले मानव चौथे भारतीय

गॉल। भारत के लेफ्ट ऑर्म स्पिन गेंदबाज मानव सुथार ने श्रीलंका के खिलाफ गॉल में खेले गए पहले टेस्ट मैच में शानदार प्रदर्शन किया। सुथार ने इस मैच की दोनों पारी मिलाकर 10 विकेट लिए। वह डेब्यू के बाद कम मैचों में टेस्ट मैच में 10 विकेट लेने वाले चौथे भारतीय बन गए हैं। इतना ही नहीं सुथार 28 साल पूरा करने से पहले विदेशी धरती पर टेस्ट मैच में 10 विकेट लेने वाले एकमात्र भारतीय हैं। सुथार ने भारत के लिए अब तक सिर्फ दो टेस्ट मैच ही खेले हैं। वह शुरुआती दो मैचों के बाद सबसे ज्यादा बार पारी में पांच विकेट हासिल करने वाले पांचवें भारतीय गेंदबाज बन गए हैं। सुथार उन भारतीय गेंदबाजों में शामिल हो गए हैं जिन्होंने कम मैचों में ही मुकाबले में 10 विकेट लेने का कीर्तिमान अपने नाम कर लिय है। मानव सुथार सातवें भारतीय स्पिनर हैं जिन्होंने विदेशी धरती पर टेस्ट मैच में 10 विकेट लिए हैं। सुथार के अलावा रविचंद्रन अश्विन, बिशन सिंह बेदी, ईरापल्ली प्रसन्ना, भागवत चंद्रशेखर, अनिल कुंबले और हरभजन सिंह ने ऐसा किया है।

Related Articles

Back to top button