दवा लेने गए थे दोनों, घर लौटने से पहले ही उजड़ गया परिवार; CCTV से होगी तलाश
बरेली के बड़े बाइपास पर तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार मौसी-भांजे को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों की मौत हो गई। पुलिस CCTV से वाहन की तलाश कर रही है।

4पीएम न्यूज नेटवर्कः दवा लेने निकली मौसी और भांजे की बाइक गुरुवार को बड़े बाइपास पर हादसे का शिकार हो गई। लालपुर चौराहे के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना में 24 वर्षीय नीलम पटेल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके 23 वर्षीय भांजे देव पटेल ने जिला अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे की खबर घर पहुंचते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया।
दवा लेने भोजीपुरा गए थे मौसी-भांजे
परिजनों के मुताबिक नीलम की तबीयत पिछले कुछ समय से खराब थी। गुरुवार को उनका भांजा देव बाइक से उन्हें दवा दिलाने भोजीपुरा ले गया था। दवा लेने के बाद दोनों डोहरा स्थित घर लौट रहे थे। इसी दौरान लालपुर चौराहे के पास अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
मौके पर नीलम की मौत, अस्पताल में देव ने तोड़ा दम
हादसे की सूचना गुरुवार दोपहर करीब ढाई बजे इज्जतनगर पुलिस को मिली। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों घायलों को देखा। नीलम की घटनास्थल पर ही मौत हो चुकी थी, जबकि देव की सांसें चल रही थीं। पुलिस ने उसे जिला अस्पताल भेजा, लेकिन उपचार के दौरान उसकी हालत बिगड़ती गई और कुछ देर बाद उसने भी दम तोड़ दिया। देव गांव के प्रधान का बेटा बताया गया है।
CCTV से अज्ञात वाहन की तलाश
हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अब पुलिस बड़े बाइपास और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालकर दुर्घटना करने वाले वाहन और उसके चालक की पहचान का प्रयास कर रही है। पुलिस के मुताबिक जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट: सुनील सक्सेना, बरेली
यह भी पढ़ें: कानपुर में बारिश ने खोली नगर निगम की पोल! नाला धंसा, 40 दुकानें पानी में डूबीं



