कानपुर में बारिश ने खोली नगर निगम की पोल! नाला धंसा, 40 दुकानें पानी में डूबीं
कानपुर में मूसलाधार बारिश के बाद किदवई नगर-यशोदा नगर रोड पर नाला धंसने और ओवरफ्लो से करीब 40 दुकानें जलमग्न हो गईं। नाराज व्यापारियों ने प्रदर्शन कर कार्रवाई की मांग की।

4पीएम न्यूज नेटवर्कः बीती रात हुई मूसलाधार बारिश ने कानपुर के किदवई नगर से यशोदा नगर जाने वाली बीच रोड पर जलनिकासी व्यवस्था की पोल खोल दी। सड़क किनारे नाला धंसने और ओवरफ्लो होने से करीब 40 दुकानें और आसपास का इलाका पानी में डूब गया। दुकानों में पानी घुसने से व्यापारियों को नुकसान की चिंता सताने लगी। नाराज व्यापारियों ने जलकल और नगर निगम के खिलाफ प्रदर्शन कर जल्द समस्या का समाधान कराने की मांग की।
नाला धंसने से सड़क किनारे जलभराव
बारिश के दौरान नाला अचानक धंस गया और पानी की निकासी प्रभावित हो गई। इसके बाद नाला ओवरफ्लो होने लगा और देखते ही देखते आसपास के क्षेत्र में पानी भर गया। स्थानीय व्यापारियों के मुताबिक करीब 40 दुकानें जलभराव की चपेट में आ गईं। कई दुकानों के अंदर तक पानी पहुंचने से सामान खराब होने की आशंका जताई गई।
लापरवाही का आरोप लगाकर व्यापारियों ने किया प्रदर्शन
व्यापारियों का आरोप है कि जलनिकासी की समस्या को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन समय रहते कार्रवाई नहीं हुई। उनका कहना है कि यदि नाले की स्थिति पहले ही ठीक करा दी जाती तो भारी बारिश के दौरान यह स्थिति नहीं बनती।
जलभराव से परेशान सैकड़ों व्यापारी एकत्र हुए और जलकल तथा नगर निगम के खिलाफ प्रदर्शन किया। व्यापारियों ने जलनिकासी व्यवस्था दुरुस्त कराने और भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न बनने की मांग रखी।
अधिकारियों ने जल्द काम कराने का दिया भरोसा
प्रदर्शन के बाद जलकल विभाग के अधिकारियों ने व्यापारियों से बातचीत की। अधिकारियों ने समस्या का जल्द समाधान कराने और आवश्यक कार्य कराने का आश्वासन दिया। अब व्यापारियों की नजर इस बात पर है कि नाले की मरम्मत और जलनिकासी व्यवस्था को कितनी जल्दी दुरुस्त किया जाता है।
रिपोर्ट – प्रांजुल मिश्रा, कानपुर
यह भी पढ़ें: 150 बच्चों के बीच से अचानक गायब हुए तीन छात्र, नैमिषारण्य आश्रम में मचा हड़कंप



