सड़क पर आपस में भिड़े खाकी वाले, वीडियो वायरल होते ही मचा हड़कंप; एक सिपाही सस्पेंड
बदायूं में पुलिसकर्मियों के बीच सड़क पर विवाद और मारपीट का वीडियो वायरल हुआ। मामला सामने आते ही एक सिपाही को निलंबित किया गया, जबकि तीन अन्य के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की रिपोर्ट भेजी गई।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: बदायूं में आम लोगों के बीच विवाद और मारपीट की घटनाएं सामने आती रहती हैं, लेकिन जब मामला खाकी वर्दी तक पहुंच जाए तो सवाल और गंभीर हो जाते हैं। बदायूं के सिविल लाइंस क्षेत्र में 31 अगस्त की रात पुलिसकर्मियों के बीच कहासुनी के बाद विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आते ही विभाग ने मामले में कार्रवाई शुरू कर दी और एक सिपाही को निलंबित कर दिया।
नवादा के पास पुलिसकर्मियों में हुआ विवाद
पुलिस के मुताबिक, नवादा के पास यूपी-112 की पीआरवी पर तैनात आरक्षी धीरेन्द्र और 09वीं वाहिनी पीएसी, मुरादाबाद की ‘डी’ कंपनी में न्यायालय सुरक्षा ड्यूटी कर रहे आरक्षी विवेक वर्मा, रमन और लवली के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। देखते ही देखते मामला बढ़ गया और मारपीट की स्थिति बन गई।
घटना के दौरान किसी राहगीर ने वीडियो बना लिया। बाद में यही वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसके बाद पुलिस विभाग का ध्यान मामले की ओर गया।
वीडियो वायरल हुआ तो विभाग ने लिया एक्शन
पुलिस की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए आरक्षी धीरेन्द्र को अनुशासनहीनता, अमर्यादित आचरण और पुलिस आचरण नियमावली के उल्लंघन के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
वहीं, विवेक वर्मा, रमन और लवली के खिलाफ भी नियमानुसार विभागीय कार्रवाई के लिए रिपोर्ट भेजी जा रही है।
जांच के बाद सामने आएगी विवाद की असली वजह
पुलिस विभाग ने कहा है कि शासन की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत पुलिस बल में अनुशासनहीनता और अमर्यादित आचरण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हालांकि विवाद की वास्तविक वजह क्या थी, यह विभागीय जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। वायरल वीडियो ने फिलहाल पुलिसकर्मियों के आचरण और अनुशासन को लेकर चर्चा जरूर तेज कर दी है।
रिपोर्ट: संतुलित पाठक, बदायूं
यह भी पढ़ें: हाथों में मशाल, जुबां पर नारे… कानपुर की सड़कों पर क्यों उतरे हजारों युवा?



