कैंट विधायक हसन रूमी का प्रदर्शन, बदहाल सड़क को लेकर प्रशासन के खिलाफ खोला मोर्चा

लखनऊ कैंट विधानसभा क्षेत्र में लंबे समय से बदहाल पड़ी सड़क को लेकर स्थानीय लोगों का आक्रोश सोमवार को खुलकर सामने आया।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: लखनऊ कैंट विधानसभा क्षेत्र में लंबे समय से बदहाल पड़ी सड़क को लेकर स्थानीय लोगों का आक्रोश सोमवार को खुलकर सामने आया।

क्षेत्र की प्रमुख सड़क COD क्रॉसिंग से जीटी रोड तक की जर्जर स्थिति के विरोध में कैंट विधायक मोहम्मद हसन रूमी ने पार्षद नफीस अहमद, क्षेत्रीय नागरिकों और कार्यकर्ताओं के साथ धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने सड़क के गहरे गड्ढों में फूल डालकर प्रशासन और संबंधित विभागों का ध्यान आकर्षित करने का प्रयास किया।

धरना स्थल पर बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी मौजूद रहे। लोगों का कहना था कि सड़क की हालत पिछले काफी समय से खराब बनी हुई है, लेकिन कई बार शिकायतें करने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढों के कारण आए दिन दुर्घटनाएं होने का खतरा बना रहता है, वहीं राहगीरों और वाहन चालकों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

सड़क की बदहाली से जनता परेशान

प्रदर्शन को संबोधित करते हुए विधायक मोहम्मद हसन रूमी ने कहा कि क्षेत्र की यह सड़क लंबे समय से अपनी बदहाली की कहानी बयां कर रही है। बरसात के मौसम में स्थिति और गंभीर हो जाती है, जिससे लोगों का आवागमन प्रभावित होता है। उन्होंने आरोप लगाया कि संबंधित विभाग और प्रशासनिक अधिकारी समस्या को लेकर गंभीर नहीं हैं, जिसके कारण जनता को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि यह सड़क कैंट क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण मार्ग है और प्रतिदिन हजारों लोग इसका उपयोग करते हैं। इसके बावजूद सड़क की मरम्मत और पुनर्निर्माण को लेकर कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया है।

गड्ढों में फूल डालकर जताया विरोध

प्रदर्शन के दौरान लोगों ने सड़क पर बने गड्ढों में फूल डालकर अनोखे तरीके से अपना विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि जब जिम्मेदार विभाग सड़क की हालत नहीं देख पा रहे हैं, तो इस प्रतीकात्मक प्रदर्शन के माध्यम से उन्हें जनता की पीड़ा का एहसास कराया जा रहा है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि सड़क पर जगह-जगह बड़े गड्ढे होने के कारण दोपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक परेशानी होती है। कई बार लोग दुर्घटनाओं का शिकार भी हो चुके हैं। इसके बावजूद सड़क निर्माण का कार्य शुरू नहीं किया गया है।

प्रशासन को सौंपा ज्ञापन

धरना-प्रदर्शन के बाद विधायक मोहम्मद हसन रूमी, पार्षद नफीस अहमद और क्षेत्रीय प्रतिनिधियों ने एसीपी कैंट अमित चौरसिया को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में सड़क की तत्काल मरम्मत और स्थायी निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की गई।

प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया तो क्षेत्र की जनता के साथ मिलकर आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनहित के इस मुद्दे पर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जल्द समाधान की मांग

स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क की स्थिति का तत्काल निरीक्षण कराकर निर्माण कार्य शुरू कराया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके। लोगों का कहना है कि खराब सड़क न केवल यातायात को प्रभावित कर रही है बल्कि दुर्घटनाओं का कारण भी बन रही है।

धरना-प्रदर्शन के दौरान क्षेत्र के कई गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता और स्थानीय निवासी मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में सड़क निर्माण की मांग उठाते हुए प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई करने की अपील की।

फिलहाल क्षेत्रवासियों की नजर प्रशासन और संबंधित विभागों के अगले कदम पर टिकी हुई है। अब देखना होगा कि जनता के इस विरोध प्रदर्शन के बाद सड़क निर्माण को लेकर कितनी तेजी से कार्रवाई होती है।
रिपोर्ट – प्रांजुल मिश्रा, कानपुर

Related Articles

Back to top button