मोहर्रम जुलूस में बवाल का मामला: पुलिस ने कहा- वीडियो की जांच जारी, होगी कार्रवाई

कानपुर में मोहर्रम के जुलूसों को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के कानपुर पुलिस के दावों के बीच सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे कुछ वीडियो ने सवाल खड़े कर दिए हैं।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: कानपुर में मोहर्रम के जुलूसों को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के कानपुर पुलिस के दावों के बीच सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे कुछ वीडियो ने सवाल खड़े कर दिए हैं।

वायरल वीडियो में कथित तौर पर जुलूस के दौरान पथराव, लाठी-डंडों से मारपीट और भगदड़ जैसी स्थिति दिखाई दे रही है। दावा किया जा रहा है कि वायरल हो रहे ये वीडियो गुरुवार को शहर के बजरिया, कर्नलगंज और बेकनगंज थाना क्षेत्रों में निकाले गए मोहर्रम के जुलूसों के दौरान हुए विवाद से जुड़े हैं। हालांकि पुलिस इन वीडियो की सत्यता और घटनाक्रम की पुष्टि के लिए जांच कर रही है।

वायरल वीडियो में दिखी मारपीट और अफरा-तफरी

सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहे वीडियो क्लिप में बड़ी संख्या में लोग एक-दूसरे के आमने-सामने दिखाई दे रहे हैं। कुछ वीडियो में लोग हाथों में लाठी-डंडे लेकर एक-दूसरे पर हमला करते नजर आ रहे हैं, जबकि कुछ अन्य क्लिप में पथराव और भीड़ के बीच भगदड़ जैसी स्थिति दिखाई दे रही है।

वीडियो में लोगों की भीड़ अचानक इधर-उधर भागती हुई भी दिखाई दे रही है। इन वायरल वीडियो के सामने आने के बाद शहर में चर्चा का माहौल है। हालांकि पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो की जांच की जा रही है और वीडियो की वास्तविकता, स्थान और उसमें शामिल लोगों की पहचान की जा रही है।

पुलिस की मौजूदगी को लेकर उठे सवाल

वायरल वीडियो को लेकर सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि इतने संवेदनशील आयोजन के दौरान मौके पर पुलिस व्यवस्था कितनी प्रभावी थी। वायरल हो रहे वीडियो में कहीं भी पुलिस बल की स्पष्ट मौजूदगी दिखाई नहीं दे रही है। इसी को लेकर लोगों में कई तरह की चर्चाएं हैं। वहीं, पुलिस का कहना है कि जुलूसों के दौरान सुरक्षा के लिए पर्याप्त व्यवस्था की गई थी और किसी भी स्थिति में कानून व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है।

वीडियो वायरल होने के बाद हरकत में आई पुलिस

सूत्रों के मुताबिक, घटना दो दिन पुरानी बताई जा रही है। आरोप है कि शुरुआत में मामला सार्वजनिक नहीं हुआ, लेकिन सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस विभाग में हलचल बढ़ गई। इसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की और मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने इस मामले में तीन युवकों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

डीसीपी सेंट्रल ने कही जांच की बात

डीसीपी सेंट्रल अतुल श्रीवास्तव ने बताया कि सोशल मीडिया पर कुछ वीडियो पुलिस के संज्ञान में आए हैं। इन वीडियो की जांच कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। किसी भी व्यक्ति को कानून व्यवस्था बिगाड़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

घटना को लेकर कई सवाल खड़े

वायरल वीडियो सामने आने के बाद कई सवाल चर्चा में हैं,अगर जुलूस के दौरान विवाद हुआ था तो इसकी जानकारी समय पर सार्वजनिक क्यों नहीं हुई? सुरक्षा व्यवस्था के दावों के बावजूद वायरल वीडियो में पुलिस की मौजूदगी क्यों नजर नहीं आ रही? संवेदनशील आयोजनों के दौरान निगरानी व्यवस्था कितनी प्रभावी थी? इन सवालों के जवाब पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेंगे।

पुलिस ने लोगों से की शांति बनाए रखने की अपील

पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर वायरल किसी भी वीडियो या अफवाह पर बिना पुष्टि के विश्वास न करें। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल कानपुर पुलिस वायरल वीडियो की पड़ताल कर घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच में जुटी हुई है।

रिपोर्ट — प्रांजुल मिश्रा, कानपुर

Related Articles

Back to top button