तराजू की हेराफेरी से करोड़ों का खेल? बांदा में पकड़ा गया शातिर गिरोह

उत्तर प्रदेश के  बांदा जिले में किसानों के साथ सुनियोजित तरीके से घटतौली कर ठगी करने वाले अंतरजनपदीय गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: उत्तर प्रदेश के  बांदा जिले में किसानों के साथ सुनियोजित तरीके से घटतौली कर ठगी करने वाले अंतरजनपदीय गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है।

जसपुरा थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के सात सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि यह गिरोह इलेक्ट्रॉनिक तराजू में हेराफेरी कर किसानों से खरीदे जाने वाले गेहूं का वजन कम दिखाकर उन्हें आर्थिक नुकसान पहुंचाता था।

पुलिस के मुताबिक गिरोह लंबे समय से इस तरह की धोखाधड़ी को अंजाम दे रहा था। किसानों द्वारा विरोध करने पर आरोपियों ने फायरिंग कर दहशत फैलाने का भी प्रयास किया था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में गेहूं, नकदी, वाहन, अवैध हथियार और इलेक्ट्रॉनिक तराजू बरामद किए हैं।

किसानों के साथ घटतौली कर कमाते थे मोटा मुनाफा

पुलिस जांच में सामने आया है कि यह गिरोह बिजनौर से संचालित हो रहा था और बांदा समेत आसपास के जिलों में सक्रिय था। आरोपियों का तरीका बेहद शातिर बताया जा रहा है। गिरोह के सदस्य किसानों से गेहूं खरीदते समय इलेक्ट्रॉनिक तराजू में हेराफेरी करते थे। पुलिस के अनुसार आरोपी तराजू में तकनीकी बदलाव कर या दबाव डालकर वजन कम दिखाते थे, जिससे किसानों को कई-कई कुंतल गेहूं का नुकसान उठाना पड़ता था। इस तरह हर खरीद में गिरोह मोटा मुनाफा कमाता था।

धोखाधड़ी पकड़ने पर किसानों से की फायरिंग

पुलिस के अनुसार एक मामले में किसानों को इलेक्ट्रॉनिक तराजू से की जा रही घटतौली पर शक हुआ। उन्होंने धर्मकांटे पर दोबारा गेहूं का वजन कराया तो धोखाधड़ी का खुलासा हो गया। जब किसानों ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने कथित रूप से तमंचे से फायरिंग कर दी और गेहूं से भरी डीसीएम लेकर मौके से फरार होने का प्रयास किया। घटना की जानकारी पुलिस को मिलने के बाद मामले की जांच शुरू की गई। जसपुरा पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देशन में मामले के खुलासे के लिए टीम गठित की गई।

जसपुरा थाना पुलिस ने सूचना के आधार पर झंझरी पुरवा मार्ग पर घेराबंदी की और सातों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों की तलाशी ली तो उनके पास से अवैध तमंचा, जिंदा और खोखा कारतूस समेत अन्य सामान बरामद हुआ।

आरोपियों के कब्जे से यह सामान बरामद

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से 94 कुंतल गेहूं,2.57 लाख रुपये नकद,एक डीसीएम वाहन,एक बलेनो कार
एक अवैध तमंचा,एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस,इलेक्ट्रॉनिक तराजू।सात मोबाइल फोन,बरामद किए हैं।

पूछताछ में कबूला गिरोह का तरीका

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि वे संगठित तरीके से किसानों से गेहूं खरीदते समय घटतौली करते थे। पूछताछ में सामने आया कि गिरोह के सदस्य अलग-अलग जिलों में जाकर किसानों को अपना निशाना बनाते थे और इलेक्ट्रॉनिक तराजू की मदद से वजन में हेराफेरी करते थे।

पहले भी दर्ज हैं मुकदमे

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि इस गिरोह के खिलाफ पहले से ही पैलानी और कोतवाली देहात थाने में घटतौली और धोखाधड़ी के मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब गिरोह के पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपियों ने अब तक कितने जिलों में इस तरह की वारदातों को अंजाम दिया है और इसमें कौन-कौन लोग शामिल हैं।

अन्य साथियों की तलाश जारी

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर गिरोह के अन्य सदस्यों और सहयोगियों की जानकारी जुटाई जा रही है। इसके अलावा दूसरे जनपदों में की गई घटनाओं के संबंध में भी जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

किसानों से पुलिस की अपील

पुलिस ने किसानों से अपील की है कि गेहूं या अन्य कृषि उपज बेचते समय वजन की सही जांच जरूर कराएं। किसी भी प्रकार की घटतौली या धोखाधड़ी की शिकायत तत्काल पुलिस को दें, ताकि ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा सके। जसपुरा पुलिस की इस कार्रवाई से किसानों को ठगी का शिकार बनाने वाले गिरोह पर बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है।

रिपोर्ट:- इकबाल खान, बांदा

Related Articles

Back to top button