किसानों की मदद नहीं कर रहा केंद्र: रेड्डी

  • तेलंगाना के मुख्यमंत्री ने लगाया आरोप, बोले- फसल भी नहीं खरीद रही

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
हैदराबाद। तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने केंद्र सरकार पर तीख हमला किया। उन्होंने फसल न खरीदने के लिए आलोचना की। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि धान, मक्का आदि की खरीद में केंद्र सरकार ने सिर्फ न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की घोषणा की है, इसके अलावा वह कुछ नहीं कर रही है। आज राज्य के सीपीएम प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक में मुख्यमंत्री ने खाद्यान्न खरीद, मूसी पुनर्जीवन परियोजना की प्रगति और गरीब वर्गों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के लिए शिक्षा प्रणाली में सुधार जैसे मुद्दों पर चर्चा की।
वामपंथी दल के नेताओं से खरीद के मुद्दे पर केंद्र सरकार के खिलाफ लड़ाई लडऩे की अपील करते हुए मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने कहा कि केंद्र सरकार 30 प्रतिशत फसल भी नहीं खरीद रही है। किसानों द्वारा उगाई गई हर एक फसल केवल राज्य सरकार ही खरीद रही है। मुख्यमंत्री ने वामपंथी दल के नेताओं को पश्चिम बंगाल में चुनावों के कारण हमाली (लोडर) की कमी के बारे में भी बताया। विज्ञप्ति में आगे कहा गया है, मौजूदा लू के कारण दोपहर में केंद्रों पर खरीद प्रक्रिया रुक गई। मुख्यमंत्री ने खरीद प्रक्रियाओं की निरंतर समीक्षा करते हुए कहा कि राज्य सरकार किसानों को राहत प्रदान करने के लिए उत्तम किस्म के धान पर प्रति क्विंटल 5० रुपये का बोनस और मक्का पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) भी दे रही है। मुख्यमंत्री रेवंत ने वामपंथी दलों के नेताओं को मूसी नदी के किनारे विस्थापितों को मूसी पुनर्जीवन परियोजना के तहत दी जा रही राहत के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा, सरकार विस्थापितों के लिए आवास स्वीकृत कर रही है।

शिक्षा क्षेत्र में सुधार पर जोर

मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने कहा कि गरीबों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से संपूर्ण शिक्षा क्षेत्र में सुधार किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि नाश्ते और दोपहर के भोजन में पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराना और तेलंगाना के सरकारी स्कूलों की स्थापना शिक्षा को मजबूत करने के प्रयासों का हिस्सा है। सीपीएम नेताओं को अरुतला पब्लिक स्कूल का दौरा करने का सुझाव दिया।

Related Articles

Back to top button