जीटी-आरसीबी फाइनल से एक कदम दूर

- पहला क्वालिफायर मैच आज, धर्मशाला में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
धर्मशाला। आईपीएल 2026 का सीजन अब अपने समाप्ति की ओर बढ़ रहा है। ग्रूप चरण खत्म हो चुका है और चार टीमें प्लेऑफ में जगह बना चुकी हैं। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) और गुजरात टाइटंस के बीच मंगलवार को धर्मशाला में आईपीएल 2026 सीजन का क्वालिफायर-1 मुकाबला खेला जाएगा। दोनों टीमों ने ग्रूप चरण में दमदार प्रदर्शन किया और शीर्ष दो पर रहकर प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई किया। इस मैच में जीतने वाली टीम सीधे फाइनल में जाएगी, जबकि हारने वाली टीम को एक मौका और मिलेगा। क्वालिफायर-1 में हारने वाली टीम एलिमिनेटर की विजेता से क्वालिफायर-2 में खेलेगी।
मालूम हो कि प्लेऑफ में आरसीबी, गुजरात, सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स की टीमें पहुंची हैं। आरसीबी और गुजरात शीर्ष दो में शामिल हैं, जबकि हैदराबाद तीसरे और राजस्थान अंक तालिका में चौथे स्थान पर रही। धर्मशाला पहाड़ों पर स्थित है, इसलिए यहां हर पल मौसम बदलता रहता है। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, धर्मशाला में मंगलवार को बारिश की संभावना 25 प्रतिशत है और आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। भले ही मैच के दिन बारिश की संभावना ज्यादा नहीं है, लेकिन धर्मशाला में मौसम कभी भी बदल सकता है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान तो फैंस के लिए राहत भरे हैं। तेज गेंदबाजों की मददगार धर्मशाला की पिच पर आईपीएल के इस सत्र में बल्लेबाजों ने सहजता से बड़े स्कोर बनाए हैं और मंगलवार को आरसीबी और गुजरात टाइटंस के बीच होने वाले पहले क्वालिफायर मैच में मुख्य मुकाबला बल्लेबाजों और तेज गेंदबाजों के बीच होने की संभावना है।
वेस्टइंडीज दौरे के लिए श्रीलंकाई टीम घोषित
कोलंबो। श्रीलंका क्रिकेट ने विकेटकीपर-बल्लेबाज कुसल मेंडिस को व्हाइट-बॉल कप्तान नियुक्त किया है। तीन से सात जुलाई तक दोनों टीमें तीन वनडे, तीन टी20 और दो टेस्ट मैच खेलेंगी। इस बीच चार-दिवसीय वॉर्मअप मुकाबला भी खेला जाना है। 31 वर्षीय कुसाल मेंडिस वनडे और टी20 दोनों सीरीज में श्रीलंका की कप्तानी करेंगे, जबकि धनंजय डी सिल्वा दो मुकाबलों की टेस्ट सीरीज के लिए टेस्ट टीम के कप्तान बने रहेंगे। श्रीलंका क्रिकेट ने सोशल मीडिया पर टीमों की घोषणा करते हुए कहा, श्रीलंका क्रिकेट की चयन समिति ने श्रीलंका के वेस्टइंडीज दौरे 2026 के लिए इन टीमों का चयन किया है। इस दौरे में तीनों फॉर्मेट- वनडे, टी20 और टेस्ट क्रिकेट के मैच खेले जाएंगे। लीडरशिप में यह बदलाव इस साल की शुरुआत में श्रीलंका के निराशाजनक टी20 विश्व कप अभियान के बाद हुआ है। शनाका की कप्तानी में टीम नॉकआउट दौर के लिए क्वालीफाई नहीं कर पाई थी। शनाका 16-सदस्यीय टी20 टीम में बने हुए हैं, जबकि असलंका को वनडे टीम में शामिल किए जाने के बावजूद टी20 टीम से बाहर कर दिया गया है। स्टार ऑलराउंडर वानिंदु हसरंगा की वापसी हुई है। टी20 वर्ल्ड कप के दौरान लगी हैमस्ट्रिंग चोट से उबरने के बाद उन्हें वनडे और टी20 दोनों टीमों में शामिल किया गया है। इस चोट की वजह से वह फरवरी की शुरुआत से ही टीम से बाहर थे और लखनऊ सुपर जाएंट्स के साथ आईपीएल सीजन भी नहीं खेल पाए थे।



