सीतापुर में 36 घंटे में चेन स्नेचिंग का खुलासा, मुठभेड़ में दो बदमाश घायल; बाइक और असलहे बरामद
सीतापुर में चेन स्नेचिंग का पुलिस ने 36 घंटे में खुलासा किया। घेराबंदी के दौरान फायरिंग के बाद जवाबी कार्रवाई में दो आरोपी घायल हुए। बाइक, तमंचे, कारतूस और चेन के टुकड़े बरामद हुए।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: शहर में हुई चेन स्नेचिंग की वारदात का पुलिस ने महज 36 घंटे में खुलासा करने का दावा किया है। नगर कोतवाली और एसओजी की संयुक्त टीम ने कार्रवाई के दौरान दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, घेराबंदी के दौरान आरोपियों ने फायरिंग कर भागने की कोशिश की, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में दोनों गोली लगने से घायल हो गए।
जंगल में घेराबंदी के दौरान पुलिस पर फायरिंग का दावा
पुलिस के अनुसार, चेन स्नेचिंग के मामले में वांछित आरोपियों की तलाश के दौरान कनवाखेड़ा से फायरिंग बट रोड के जंगल के पास घेराबंदी की गई थी। इसी दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर कथित तौर पर फायरिंग कर भागने का प्रयास किया।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में कामिल पुत्र हसन अख्तर निवासी मैगलगंज और फरमान पुत्र यूसुफ निवासी चौखड़िया रोड, मैगलगंज घायल हो गए। दोनों को गिरफ्तार कर उपचार के लिए भेजा गया।
चेन के टुकड़े, बाइक और दो तमंचे बरामद
पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी नगर कोतवाली में दर्ज चेन स्नेचिंग के मुकदमे में वांछित थे। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से घटना में इस्तेमाल की गई स्प्लेंडर बाइक, दो तमंचे, जिंदा और खोखा कारतूस बरामद किए गए।
इसके अलावा पुलिस ने लूटी गई चेन के टुकड़े भी बरामद करने का दावा किया है। बरामद सामान को पुलिस ने मामले की विवेचना में अहम साक्ष्य बताया है।
पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का पुरस्कार
चेन स्नेचिंग की घटना के 36 घंटे के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अधीक्षक ने कार्रवाई करने वाली संयुक्त टीम की सराहना की। एसपी ने टीम को 25 हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की है।
पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच जारी है।
रिपोर्ट – वली चौधरी, सीतापुर
यह भी पढ़ें: हरदोई में सड़क या हादसे का जाल? गड्ढों में भरा पानी, कीचड़ से निकलना मुश्किल



