गोरखपुर के प्राथमिक विद्यालय में बवाल, महिला टीचर की शिकायत पर प्रधानाध्यापक पर FIR

गोरखपुर के बड़हलगंज स्थित प्राथमिक विद्यालय में महिला सहायक अध्यापिका की शिकायत पर प्रधानाध्यापक के खिलाफ छेड़छाड़, अभद्र व्यवहार और धमकी देने के आरोप में एफआईआर दर्ज हुई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क:  गोरखपुर के बड़हलगंज क्षेत्र स्थित एक प्राथमिक विद्यालय में कार्यरत महिला सहायक अध्यापिका द्वारा लगाए गए गंभीर आरोपों के बाद विद्यालय के प्रधानाध्यापक के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामला वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) के जनता दर्शन तक पहुंचने के बाद दर्ज हुआ। फिलहाल पुलिस का कहना है कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।

एक वर्ष से मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना का आरोप

प्राथमिक विद्यालय भीटीबाल में तैनात महिला सहायक अध्यापिका का आरोप है कि प्रधानाध्यापक हरिलाल निषाद पिछले करीब एक वर्ष से उनके साथ मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़नापूर्ण व्यवहार कर रहे थे। शिकायत के अनुसार, उन्होंने कई बार प्रधानाध्यापक को अपने व्यवहार में सुधार लाने के लिए कहा, लेकिन स्थिति में कोई बदलाव नहीं आया।

छेड़छाड़, अभद्र भाषा और धमकी देने का दावा

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि प्रधानाध्यापक अक्सर अभद्र भाषा का प्रयोग करते थे, अनुचित तरीके से हाथ लगाने का प्रयास करते थे और आपत्तिजनक टिप्पणियां करते थे। शिक्षिका का यह भी दावा है कि 29 अप्रैल को उनके साथ कथित रूप से छेड़छाड़ की गई। विरोध करने पर उन्हें और उनके पति को जान से मारने, गोली मरवाने तथा घर पर हमला कराने जैसी धमकियां दी गईं।

इन धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा

महिला शिक्षिका की तहरीर के आधार पर बड़हलगंज कोतवाली पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 74, 352 और 351(3) के तहत एफआईआर दर्ज की है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक अनुराधा यादव को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर

यह भी पढ़ें: गोलघर में छत से राहगीरों पर बरसे ईंट-पत्थर, पुलिस और फायर विभाग ने सुरक्षित नीचे उतारा

Related Articles

Back to top button