गोलघर में छत से राहगीरों पर बरसे ईंट-पत्थर, पुलिस और फायर विभाग ने सुरक्षित नीचे उतारा
गोरखपुर के गोलघर में एक व्यक्ति ने छत से राहगीरों पर ईंट-पत्थर फेंककर हड़कंप मचा दिया। पुलिस और फायर विभाग ने रेस्क्यू कर उसे सुरक्षित नीचे उतारा। मामले की जांच जारी है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: गोरखपुर के सबसे व्यस्त बाजारों में शामिल गोलघर मंगलवार को उस समय दहशत में बदल गया, जब काली मंदिर के पास पेट्रोल पंप के पीछे जाने वाली सड़क पर एक व्यक्ति अपने मकान की छत पर चढ़ गया और राहगीरों पर ईंट-पत्थर फेंकने लगा। अचानक हुई इस घटना से सड़क पर अफरातफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। काफी देर तक इलाके में सामान्य आवाजाही प्रभावित रही।
राहगीरों में मची अफरातफरी, सड़क पर रुक गई आवाजाही
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, व्यक्ति लगातार छत से ईंट और पत्थर फेंक रहा था, जिससे सड़क पर निकलना जोखिम भरा हो गया। आसपास के दुकानदारों ने भी एहतियात के तौर पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी। घटना के दौरान पूरे इलाके में भय और तनाव का माहौल बना रहा।
पुलिस और फायर विभाग ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए फायर विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने सावधानीपूर्वक रेस्क्यू अभियान चलाया। काफी मशक्कत के बाद व्यक्ति को सुरक्षित छत से नीचे उतारा गया, जिसके बाद पुलिस उसे अपने साथ लेकर चली गई।
सीओ गोरखनाथ की मौजूदगी में जांच शुरू
घटनास्थल पर क्षेत्राधिकारी (सीओ) गोरखनाथ भी मौजूद रहे और पूरे घटनाक्रम की निगरानी की। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है। अधिकारी यह पता लगाने का प्रयास कर रहे हैं कि व्यक्ति ने किन परिस्थितियों में ऐसा कदम उठाया। जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट- अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर
यह भी पढ़ें: चढ़ावा चोरी के मामलों पर हाई कोर्ट सख्त, भ्रष्टाचार पर उठाए बड़े सवाल



