जनता दर्शन में सीएम योगी का सख्त संदेश, अधिकारियों को दी लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी

गोरखपुर में जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने करीब 200 लोगों की समस्याएं सुनीं। गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता का भरोसा दिया और अधिकारियों को जन शिकायतों के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: गोरखपुर प्रवास के दौरान गुरुवार सुबह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन में करीब 200 लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता मांगने आए लोगों को आश्वस्त किया कि धन की कमी के कारण किसी भी जरूरतमंद का उपचार नहीं रुकेगा। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सभी प्रकरणों का त्वरित और संवेदनशील तरीके से निस्तारण करने के निर्देश दिए।

इलाज के लिए सरकार करेगी आर्थिक सहायता

जनता दर्शन में कई लोग गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए आर्थिक मदद की मांग लेकर पहुंचे। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पात्र मरीजों के इलाज का इस्टीमेट जल्द तैयार कराकर उपलब्ध कराया जाए, ताकि सरकार समय पर आर्थिक सहायता जारी कर सके। उन्होंने यह भी कहा कि जरूरतमंद पात्र लोगों के आयुष्मान कार्ड बनवाने की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए, जिससे भविष्य में इलाज में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

अधिकारियों को सख्त निर्देश, लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त

मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों से कहा कि जन समस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने विशेष रूप से राजस्व और पुलिस विभाग से जुड़े मामलों के त्वरित निस्तारण पर जोर दिया। साथ ही पारिवारिक विवादों में पहले संवाद और उसके बाद आवश्यक होने पर कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।

गोशाला पहुंचकर की गोसेवा

जनता दर्शन के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर परिसर स्थित गोशाला में पहुंचकर गोसेवा की। उन्होंने गायों और गोवंश को गुड़ खिलाया तथा गोशाला के कर्मचारियों से उनकी देखभाल की जानकारी ली। इस दौरान गोवंश के बेहतर संरक्षण और नियमित देखभाल के संबंध में आवश्यक निर्देश भी दिए।

रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर

यह भी पढ़ें: आउटसोर्सिंग चालक-परिचालकों के उत्पीड़न पर गरजी रोडवेज यूनियन, आंदोलन की चेतावनी

Related Articles

Back to top button