गोरखपुर में आवारा कुत्तों का आतंक! रात में राइड रद्द करने को मजबूर हुए Rapido कैप्टन
गोरखपुर में रात के समय आवारा कुत्तों के आतंक से Rapido कैप्टन परेशान हैं। राइडर्स का दावा है कि कई इलाकों में सुरक्षा कारणों से उन्हें राइड रद्द करनी पड़ रही है। नगर निगम से प्रभावी नियंत्रण अभियान चलाने की मांग की गई है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: गोरखपुर में रात के समय सड़कों पर घूमने वाले आवारा कुत्ते अब ऑनलाइन बाइक टैक्सी सेवा से जुड़े Rapido कैप्टनों के लिए गंभीर चुनौती बनते जा रहे हैं। कई राइडर्स का कहना है कि कुछ इलाकों में कुत्तों के झुंड बाइक सवारों का पीछा करते हैं, जिससे दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है। सुरक्षा कारणों से कई बार उन्हें बुक की गई राइड भी रद्द करनी पड़ती है।
बाइक सवारों का पीछा करते हैं आवारा कुत्ते
Rapido कैप्टन राहुल अग्रवाल ने बताया कि शहर के कई मोहल्लों में देर रात बाइक चलाना जोखिम भरा हो गया है। उनके अनुसार, आवारा कुत्ते अचानक पीछे दौड़ते हैं और कई बार पैर पकड़ने की कोशिश करते हैं। ऐसे हालात में बाइक का संतुलन बिगड़ने और सड़क हादसा होने की आशंका बनी रहती है। राहुल का कहना है कि जिन क्षेत्रों में यह समस्या अधिक है, वहां की राइड स्वीकार करने से भी राइडर्स बचते हैं।
कई राइडर्स पर हमले का दावा, नगर निगम से शिकायत
राहुल के अनुसार, उनके जैसे कई Rapido राइडर्स कुत्तों के हमले का शिकार हो चुके हैं। कुछ मामलों में काटने की घटनाएं भी हुईं, जिसके बाद प्रभावित लोगों को एंटी-रेबीज इंजेक्शन लगवाने पड़े। उन्होंने बताया कि इस समस्या की शिकायत नगर निगम के ऑनलाइन पोर्टल पर भी दर्ज कराई गई है।
राइडर्स ने नियंत्रण अभियान चलाने की मांग की
Rapido कैप्टनों ने नगर निगम प्रशासन से आवारा कुत्तों की प्रभावी धरपकड़ और नियंत्रण अभियान चलाने की मांग की है। उनका कहना है कि यह समस्या केवल राइडर्स तक सीमित नहीं है, बल्कि देर रात सफर करने वाले अन्य बाइक सवारों और आम नागरिकों की सुरक्षा से भी जुड़ी है। यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता।
रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर
यह भी पढ़ें: जनता दर्शन में सीएम योगी का सख्त संदेश, अधिकारियों को दी लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी



