बिजली विभाग के निजीकरण के विरोध में कांग्रेस ने खोला मोर्चा, जिलाधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने 9 सूत्रीय मांगों को लेकर जिलाधिकारी कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया और राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा।

4pm न्यूज नेटवर्क: उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में जिला कांग्रेस कमेटी ने बिजली विभाग के निजीकरण के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने 9 सूत्रीय मांगों को लेकर जिलाधिकारी कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया और राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा।

प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे जिलाध्यक्ष राजेश दीक्षित ने आरोप लगाया कि निजी कंपनी “जीनियस” की मनमानी से आम जनता परेशान है। उन्होंने कहा कि बिना पूर्व सूचना के बिजली काट दी जाती है और शिकायत के लिए जब उपभोक्ता विभाग पहुंचते हैं, तो उनके साथ दुर्व्यवहार किया जाता है।

कांग्रेस ने मांग की है कि बिजली व्यवस्था को पुनः सरकारी नियंत्रण में लाया जाए ताकि उपभोक्ताओं को राहत मिल सके। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे और उन्होंने जमकर नारेबाजी भी की। फिलहाल इस मुद्दे को लेकर जिले में सियासी माहौल गरमाता हुआ नजर आ रहा है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस पर क्या कदम उठाता है।

रिपोर्ट- -इकबाल खान, बांदा

Related Articles

Back to top button