बांदा में राम मंदिर दान टिप्पणी को लेकर कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन, विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना का पुतला फूंका

उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना की कथित टिप्पणी को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आक्रोश रविवार को सड़कों पर दिखाई दिया।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना की कथित टिप्पणी को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आक्रोश रविवार को सड़कों पर दिखाई दिया।

बांदा में जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में आयोजित विरोध प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की और विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना का पुतला फूंककर अपना विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन के दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच पुतला छीनने को लेकर नोकझोंक भी हुई। वहीं, पुतला दहन के समय आग की चपेट में आने से कांग्रेस जिलाध्यक्ष समेत कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता झुलस गए, जिनका मौके पर प्राथमिक उपचार कराया गया।

कांग्रेस ने निकाला विरोध जुलूस

उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के निर्देश पर रविवार को बांदा जिला कांग्रेस कमेटी ने जिलाध्यक्ष राजेश दीक्षित के नेतृत्व में विरोध प्रदर्शन आयोजित किया। कांग्रेस कार्यकर्ता जिला कार्यालय से हाथों में पुतला लेकर नारेबाजी करते हुए सड़क पर उतरे।

प्रदर्शनकारी विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना के खिलाफ नारे लगाते हुए जुलूस की शक्ल में आगे बढ़े। कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना था कि राम मंदिर में श्रद्धालुओं द्वारा दिए गए दान को लेकर की गई कथित टिप्पणी से करोड़ों लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।

पुलिस ने रोकने का किया प्रयास

कांग्रेस कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन की जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन भी सक्रिय हो गया। शहर कोतवाल के नेतृत्व में भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और प्रदर्शनकारियों को रोकने का प्रयास किया।

कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि पुलिस ने कार्यकर्ताओं के हाथों से पुतला छीनने की कोशिश की। इस दौरान पुलिस और कांग्रेसियों के बीच काफी देर तक बहस और धक्का-मुक्की की स्थिति बनी रही। हालांकि, कार्यकर्ताओं ने पुतला अपने कब्जे में रखा और आखिरकार उसे आग के हवाले कर दिया।

पुतला दहन के दौरान कई कार्यकर्ता झुलसे

पुतला दहन के दौरान अचानक आग की लपटें तेज हो गईं, जिसकी चपेट में कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेश दीक्षित सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता आ गए। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल मदद की और प्रभावित कार्यकर्ताओं का प्राथमिक उपचार कराया गया। कांग्रेस नेताओं ने बताया कि झुलसे हुए कार्यकर्ताओं की हालत सामान्य है और मौके पर ही चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई गई।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने लगाए गंभीर आरोप

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेश दीक्षित ने विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना की कथित टिप्पणी की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि राम मंदिर में श्रद्धालुओं द्वारा दिए गए दान को लेकर की गई टिप्पणी करोड़ों रामभक्तों की आस्था से जुड़ा विषय है और इसे किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता।

उन्होंने आरोप लगाया कि राम मंदिर दान राशि से जुड़े मामलों में निष्पक्ष कार्रवाई नहीं की जा रही है। जिलाध्यक्ष ने कहा कि जब तक इस मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं होती, तब तक कांग्रेस का आंदोलन जारी रहेगा।

उन्होंने यह भी घोषणा की कि कांग्रेस कार्यकर्ता जिले की सभी विधानसभा क्षेत्रों में पदयात्रा निकालकर इस मुद्दे को जनता के बीच ले जाएंगे और लोगों को पूरे मामले से अवगत कराएंगे।

बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे मौजूद

विरोध प्रदर्शन में जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, विभिन्न प्रकोष्ठों के नेता, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यकर्ताओं ने सरकार और संबंधित नेताओं के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया। कांग्रेस ने साफ किया है कि वह इस मुद्दे को लेकर आगे भी आंदोलन जारी रखेगी।
रिपोर्ट -इकबाल खान, बांदा

Related Articles

Back to top button