बीजेपी विधायक महेश त्रिवेदी के बयान पर उठा विवाद, दलितों को लेकर टिप्पणी से शुरू हुई राजनीतिक चर्चा
उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले की किदवई नगर विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के विधायक महेश त्रिवेदी का एक बयान चर्चा का विषय बन गया है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले की किदवई नगर विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के विधायक महेश त्रिवेदी का एक बयान चर्चा का विषय बन गया है।
एक सामाजिक कार्यक्रम में बोलते हुए उन्होंने छुआछूत को खत्म करने की बात कही, लेकिन उनके बयान का एक हिस्सा विवाद का कारण बन गया।
दरअसल, प्रजापति समाज के सामूहिक विवाह कार्यक्रम में पहुंचे विधायक महेश त्रिवेदी ने अपने संबोधन में कहा कि समाज से छुआछूत को समाप्त करना होगा और दलितों को भी हिंदू बनाना है। उनके इस बयान के बाद राजनीतिक और सामाजिक हलकों में सवाल उठने लगे हैं।
विपक्षी दलों और सामाजिक संगठनों ने इस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए सवाल किया है कि क्या दलित पहले से हिंदू नहीं हैं। वहीं कुछ लोगों ने इसे विधायक की जुबान फिसलने या संदर्भ से हटकर कही गई बात बताया है।
महेश त्रिवेदी पिछले करीब 9 वर्षों से किदवई नगर विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। ऐसे में उनके इस बयान को लेकर राजनीतिक विश्लेषक 2027 के विधानसभा चुनाव से भी जोड़कर देख रहे हैं।
गौरतलब है कि यह बयान उस समय सामने आया जब विधायक प्रजापति समाज के सामूहिक विवाह समारोह में शामिल हुए थे। कार्यक्रम मूल रूप से सामाजिक था, लेकिन उनके बयान के बाद यह मुद्दा राजनीतिक बहस का विषय बन गया है। फिलहाल इस मामले में विधायक की ओर से कोई विस्तृत स्पष्टीकरण सामने नहीं आया है।
रिपोर्ट – प्रांजुल मिश्रा, कानपुर



