CJP के मार्च से पहले दिल्ली पुलिस अलर्ट, आज 21 रास्तों पर यातायात प्रभावित
CJP के प्रस्तावित मार्च और प्रदर्शन को ध्यान में रखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: राजधानी दिल्ली में शुक्रवार को यातायात व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका है। कनॉट प्लेस स्थित सेंट्रल पार्क में सिटिजन्स फॉर जस्टिस एंड पीस (CJP) की ओर से प्रस्तावित प्रदर्शन और ‘लहरा दो तिरंगा’ मार्च को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है।
पुलिस के मुताबिक, मध्य दिल्ली के कई प्रमुख मार्गों पर दोपहर 3 बजे से यातायात प्रभावित हो सकता है। ट्रैफिक पुलिस ने कनॉट प्लेस और लुटियंस दिल्ली की ओर आने-जाने वाले वाहन चालकों को 21 प्रमुख रास्तों से बचने और घर से निकलने से पहले अपनी यात्रा की योजना बनाने की सलाह दी है।
CJP के प्रस्तावित मार्च और प्रदर्शन को ध्यान में रखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों को सतर्क रहने की सलाह दी है। सेंट्रल दिल्ली में लोगों की आवाजाही बढ़ने और यातायात का दबाव बढ़ने की संभावना को देखते हुए कई प्रमुख मार्गों पर परेशानी हो सकती है।
कनॉट प्लेस राजधानी का प्रमुख व्यावसायिक और सार्वजनिक क्षेत्र है। यहां प्रदर्शन या बड़े आयोजन के दौरान आसपास की सड़कों पर यातायात प्रभावित होने की आशंका रहती है। ऐसे में इस इलाके की ओर जाने वाले लोगों को अतिरिक्त समय लेकर निकलने की सलाह दी गई है।
21 प्रमुख रास्तों से बचने की सलाह
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी में वाहन चालकों को 21 प्रमुख रास्तों से बचने और वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की सलाह दी है। खासतौर पर कनॉट प्लेस और लुटियंस दिल्ली की ओर जाने वाले लोगों को अपनी यात्रा पहले से तय करने को कहा गया है।
कार्यालय जाने वाले कर्मचारियों, बाजार पहुंचने वाले लोगों और निजी वाहनों से सफर करने वालों को सलाह दी गई है कि वे निकलने से पहले यातायात की स्थिति की जानकारी लें। इससे संभावित जाम और देरी से बचने में मदद मिल सकती है।
प्रमुख मार्ग: संसद मार्ग, बाबा खड़क सिंह मार्ग, शहीद भगत सिंह मार्ग, पंचकुइयां रोड, बसंत लेन, चेम्सफोर्ड रोड, मिंटो रोड, बाराखंभा रोड और जनपथ.
महत्वपूर्ण चौक व चौराहा: रेल भवन, रफी मार्ग, ‘सी’ हेक्सागन, मंडी हाउस, पटेल चौक, विंडसर प्लेस, गोल डाक खाना, कस्तूरबा गांधी मार्ग और टॉलस्टॉय मार्ग.
संपर्क मार्ग: अशोक रोड (GPO से ‘सी’ हेक्सागन तक), तिलक मार्ग और सिकंदरा रोड.
‘कनॉट प्लेस में तिरंगा मार्च से दूर रहें लोग’
सुरक्षा और कानून-व्यवस्था की स्थिति को ध्यान में रखते हुए दिल्ली पुलिस ने नागरिकों से विशेष अपील जारी की है. पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे शुक्रवार को कनॉट प्लेस में CJP द्वारा प्रस्तावित ‘लहरा दो तिरंगा’ मार्च से दूर रहें. पुलिस ने कनॉट प्लेस और आसपास के इलाकों में लागू निषेधाज्ञा का हवाला दिया है. हालांकि, पुलिस का कहना है कि कुछ लोगों को किसी उपयुक्त स्थान पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने और राष्ट्रगान गाने की प्रतीकात्मक अनुमति दी जा सकती है.
CJP का शाम 5 बजे सेंट्रल पार्क में जुटने का आह्वान
यह विरोध प्रदर्शन मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञान कुमार के खिलाफ जारी तनातनी के बीच आयोजित किया जा रहा है. CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके ने लोगों से अपील की है कि वे 16 अक्टूबर (शुक्रवार) की शाम 5 बजे अपने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में एकत्र हों. संस्था ने प्रेस कॉन्फ्रेंस और सोशल मीडिया के माध्यम से नागरिकों को इस प्रदर्शन में शामिल होने का निमंत्रण दिया है.
प्रशासनिक कारणों से 16 और 17 अक्टूबर को बंद रहेगा NDMC सेंट्रल पार्क
इस बीच नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (NDMC) ने सुरक्षा कारणों से बड़ा कदम उठाया है. NDMC ने दिल्ली पुलिस को आधिकारिक सूचना दी है कि ‘प्रशासनिक कारणों’ के चलते 16 और 17 अक्टूबर को कनॉट प्लेस का सेंट्रल पार्क आम जनता के लिए पूरी तरह बंद रहेगा. NDMC ने पुलिस प्रशासन से पार्क में अनधिकृत प्रवेश को रोकने के लिए पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था करने का अनुरोध किया है.



