श्रेयस अय्यर की कप्तानी का निराशाजनक आगाज

  • आयरलैंड की भारत पर 34 रन से पहली टी20 अंतरराष्ट्रीय जीत

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
बेलफास्ट। श्रेयस अय्यर की कप्तानी का आगाज उम्मीदों के अनुरूप नहीं रहा। दो मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज के पहले मुकाबले में आयरलैंड ने शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत को 34 रन से हराकर इतिहास रच दिया। टी20 विश्व चैंपियन भारत के खिलाफ किसी भी प्रारूप में यह आयरलैंड की पहली जीत है। इस जीत के साथ मेजबान टीम ने सीरीज में 1-0 की बढ़त भी हासिल कर ली। टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने शुरुआती ओवरों में मुकाबले पर मजबूत पकड़ बनाई, लेकिन कप्तान लॉर्कन टकर और गैरेथ डेलानी की शानदार पारियों ने आयरलैंड को वापसी कराई।
मेजबान टीम ने 20 ओवर में नौ विकेट पर 182 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। जवाब में भारतीय टीम 18.5 ओवर में 148 रन पर सिमट गई। 183 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत तेज रही, लेकिन विकेट लगातार गिरते रहे। संजू सैमसन, ईशान किशन और कप्तान श्रेयस अय्यर सस्ते में पवेलियन लौट गए। अभिषेक शर्मा ने अकेले संघर्ष करते हुए महज 19 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया और 20 गेंदों में 50 रन की विस्फोटक पारी खेली। हालांकि अभिषेक के आउट होते ही भारतीय बल्लेबाजी पूरी तरह बिखर गई। तिलक वर्मा, शिवम दुबे और निचला क्रम बड़ी साझेदारी नहीं कर सका। श्रेयस अय्यर के लिए यह मुकाबला भारत के नियमित टी20 कप्तान के रूप में पहला मैच था, लेकिन उनकी कप्तानी का आगाज हार के साथ हुआ। बल्लेबाजी में भी वह बड़ी पारी नहीं खेल सके और टीम को जीत नहीं दिला पाए। इससे पहले बल्लेबाजी करने उतरी आयरलैंड को भारतीय तेज गेंदबाजों ने जल्द ही बैकफुट पर धकेल दिया। लेकिन इसके बाद कप्तान लॉर्कन टकर और गैरेथ डेलानी ने अहम साझेदारी करते हुए भारतीय गेंदबाजों पर दबाव कम किया। टकर ने 50 रन की कप्तानी पारी खेली, वहीं डेलानी 49 रन बनाए। अंत में जॉर्ज डॉकरेल ने सिर्फ 10 गेंदों में 19 रन की तेज पारी खेलकर टीम को 182 रन तक पहुंचाया। भारत की ओर से हर्षित राणा ने चार ओवर में 24 रन देकर तीन विकेट लिए। अर्शदीप सिंह ने दो, जबकि अक्षर पटेल ने भी दो विकेट अपने नाम किए।

भारत के लिए मुश्किल है सेमीफाइनल की राह?

लंदन। भारतीय महिला टीम का सफर टी20 विश्व कप में उतार-चढ़ाव भरा रहा है। भारत की अफ्रीका से हार ने सेमीफाइनल के समीकरण बिगाड़ दिए। भारतीय टीम ने हालांकि, बांग्लादेश के खिलाफ बड़ी जीत दर्ज कर अपना नेट रन मजबूत रखा है और वह फिलहाल दक्षिण अफ्रीका से आगे ही चल रही है। भारत का सामना ग्रुप चरण के आखिरी मैच में रविवार को ऑस्ट्रेलिया से होगा। भारत और दक्षिण अफ्रीका दोनों ने चार मैचों के बाद छह-छह अंक हासिल किए हैं, जबकि ऑस्ट्रेलिया आठ अंकों के साथ शीर्ष पर है। भारत का नेट रन रेट (+2.268) दक्षिण अफ्रीका (+0.734) से काफी बेहतर है, जबकि ऑस्ट्रेलिया (+4.724) इसमें भी बढ़त बनाए हुए है।

Related Articles

Back to top button