कानपुर Z Square मॉल में पुलिस की मॉक ड्रिल, आग और हमले जैसी स्थिति से निपटने का किया अभ्यास
कानपुर के Z Square मॉल में पुलिस, पीएसी और फायर ब्रिगेड ने मॉक ड्रिल कर आपात स्थिति से निपटने का अभ्यास किया। सुरक्षा और रेस्क्यू तैयारियों को परखा गया।

4pm न्यूज नेटवर्क: भीड़भाड़ वाले मॉल में अगर अचानक आग लग जाए या कोई बड़ा हमला हो जाए, तो क्या हमारी सुरक्षा एजेंसियां तैयार हैं? इसी सवाल का जवाब तलाशने के लिए कानपुर में एक बड़ी मॉक ड्रिल की गई, जिसमें पुलिस से लेकर फायर ब्रिगेड तक सभी एजेंसियां अलर्ट मोड में नजर आईं।
Z Square मॉल में चला रेस्क्यू ऑपरेशन का अभ्यास
कानपुर के जेड स्क्वायर मॉल में यह मॉक ड्रिल आयोजित की गई। इस दौरान पुलिस, पीएसी और फायर ब्रिगेड की टीमों ने मिलकर आपात स्थिति से निपटने का अभ्यास किया। मॉल में बंधक स्थिति और आग लगने जैसे हालात बनाकर रेस्क्यू ऑपरेशन की तैयारी को परखा गया। ड्रिल के दौरान यह देखा गया कि अगर मॉल में अचानक आग लग जाए या कोई हमला हो, तो लोगों को कितनी तेजी से सुरक्षित बाहर निकाला जा सकता है। टीमों ने एंट्री-एग्जिट पॉइंट, भीड़ नियंत्रण और फायर सेफ्टी सिस्टम को भी जांचा, ताकि किसी भी बड़ी घटना के समय अफरा-तफरी को रोका जा सके।
पुलिस की तैयारी और रिस्पॉन्स टाइम की जांच
इस पूरे अभियान का मकसद सिर्फ अभ्यास नहीं, बल्कि पुलिस और अन्य एजेंसियों की असली तैयारी को जांचना था। विपिन टाडा, ज्वाइंट सीपी कानपुर पुलिस कमिश्नरेट ने बताया कि इस मॉक ड्रिल के जरिए यह परखा गया कि किसी भी हमले या आग जैसी स्थिति में पुलिस कितनी तेजी से प्रतिक्रिया देती है और कैसे हालात को कंट्रोल किया जाता है।
ऐसी मॉक ड्रिल का मकसद सिर्फ सुरक्षा एजेंसियों को तैयार करना ही नहीं, बल्कि आम लोगों की सुरक्षा को भी सुनिश्चित करना है।मॉल जैसे भीड़भाड़ वाले इलाकों में छोटी सी लापरवाही भी बड़ी घटना का कारण बन सकती है। ऐसे में पहले से तैयारी होना बेहद जरूरी है।
रिपोर्ट – प्रांजुल मिश्रा
यह भी पढ़ें: बांदा मेडिकल कॉलेज में बवाल: आरोपी डॉक्टर के समर्थन में गेट बंद, 2 घंटे तक मरीज बिना इलाज लौटे



