वाराणसी रेलवे मंडल में CBI की एंट्री से मचा हड़कंप, SrDMM कार्यालय में घंटों चली पूछताछ

वाराणसी मंडल के SrDMM कार्यालय में CBI की छापेमारी से रेलवे महकमे में हलचल मच गई। कर्मचारियों और अधिकारियों से पूछताछ जारी है। नकदी बरामद होने की चर्चा है, लेकिन आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: उत्तर पूर्व रेलवे (NER) के वाराणसी मंडल स्थित SrDMM (Senior Divisional Materials Manager) कार्यालय में गुरुवार को केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) की कार्रवाई की सूचना सामने आने के बाद रेलवे महकमे में हलचल तेज हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई रेलवे में कथित अनियमितताओं की जांच के सिलसिले में की जा रही है। हालांकि, मामले को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

कर्मचारियों और अधिकारियों से पूछताछ जारी

सूत्रों के मुताबिक, CBI की टीम ने SrDMM कार्यालय पहुंचकर संबंधित दस्तावेजों की जांच शुरू की। इस दौरान कार्यालय के कर्मचारियों से पूछताछ की गई, जबकि संबंधित अधिकारी से भी एक कक्ष में विस्तृत पूछताछ जारी रही। कार्रवाई के दौरान कार्यालय परिसर में अधिकारियों की आवाजाही बढ़ गई और कर्मचारियों के बीच भी चर्चा का माहौल बना रहा।

नकदी बरामद होने की चर्चा, आधिकारिक पुष्टि नहीं

स्थानीय स्तर पर यह भी चर्चा है कि कार्रवाई के दौरान 1.70 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं। हालांकि, इस दावे की CBI या रेलवे प्रशासन ने आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। ऐसे में इस जानकारी को फिलहाल जांच से जुड़े सूत्रों के हवाले से ही देखा जा रहा है।

आधिकारिक बयान का इंतजार

बताया जा रहा है कि रेलवे में कथित वित्तीय अनियमितताओं और खरीद प्रक्रिया से जुड़े मामलों की जांच के तहत यह कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल CBI और रेलवे प्रशासन की ओर से किसी भी तरह का आधिकारिक विवरण साझा नहीं किया गया है। मामले से जुड़ी विस्तृत जानकारी और आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।

रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर

यह भी पढ़ें: गोरखपुर फ्लाईओवर उद्घाटन के बाद सियासी चर्चा तेज, सांसद बोले- ‘न्योता ही नहीं मिला’

Related Articles

Back to top button